
New Delhi: नीट-पीजी प्रवेश परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है. यह परीक्षा रविवार को यानी (आज) होने वाली थी. स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है. साथ ही कहा है कि परीक्षा की नई तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी. मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि यह निर्णय छात्रों के सर्वोत्तम हित में और परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखने के लिए लिया गया है. नीट पीजी प्रवेश परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड द्वारा किया जाता है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ”एहतियात के तौर पर 23 जून को होने वाली नीट-पीजी परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है. परीक्षा की नई तारीख जल्द जारी की जाएगी.’ साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, “छात्रों को हुई असुविधा के लिए खेद है.”
सरकार की ओर से नीट-यूजी और यूजीसी नेट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हो रहे विवाद की ओर इशारा करते हुए कहा कि उसने “मेडिकल छात्रों के लिए राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित नीट-पीजी परीक्षा की प्रक्रियाओं का गहन मूल्यांकन करने का निर्णय लिया है.”
परीक्षा स्थगित करने की घोषणा से एक घंटे पहले सरकार ने अपने एक आदेश में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के प्रमुख को बदल दिया. एनटीए ही नीट-यूजी यूजीसी-नेट आयोजित करती है.
एनटीए के महानिदेशक रहे सुबोध कुमार सिंह की जगह सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी प्रदीप सिंह खरोला ने ले ली है. यह कदम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पता चलता है कि सरकार एनटीए अधिकारियों पर नकेल कस रही है.
देशभर में नीट-यूजी परीक्षा के पेपर लीक को लेकर विपक्ष लगातार सवाल खड़े कर रहा था. वहीं देशभर में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन भी जारी था. जिसके बाद सरकार ने यह निर्णय लिए हैं




