
New Delhi: पांच राज्यों में चुनावी सरगर्मी के बीच जुबानी जंग भी तेज है. लेकिन एकबार फिर कांग्रेस नेता की अनर्गल बयानबाजी के बाद राहुल गांधी को पार्टी के डैमज कंट्रोल के लिए आगे आना पड़ा है. सीपी जोशी के बयान के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सफाई दी कि सीपी जोशी का बयान कांग्रेस पार्टी के आदर्शों के विपरीत है.
पार्टी के आर्देशों के विपरीत बयान
सीपी जोशी के पीएम मोदी के जाति पर सवाल उठाने पर राजनीतिक भूचाल-सा आ गया है. बीजेपी ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे चौंकाने वाला बताया था. वही बयान पर गरमाती राजनीति के बीच राहुल गांधी ने विवाद को रोकने की कोशिश करते हुए इसे पार्टी के आदर्शों के विपरीत बताया और जोशी से खेद जताने को कहा.
सी पी जोशी जी का बयान कांग्रेस पार्टी के आदर्शों के विपरीत है। पार्टी के नेता ऐसा कोई बयान न दें जिससे समाज के किसी भी वर्ग को दुःख पहुँचे।
कांग्रेस के सिद्धांतों, कार्यकर्ताओं की भावना का आदर करते हुए जोशीजी को जरूर गलती का अहसास होगा। उन्हें अपने बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 23, 2018
कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट किया, “सीपी जोशी जी का बयान कांग्रेस पार्टी के आदर्शों के विपरीत है. पार्टी के नेता ऐसा कोई बयान न दें. जिससे समाज के किसी भी वर्ग को दुःख पहुंचे. कांग्रेस के सिद्धांतों, कार्यकर्ताओं की भावना का आदर करते हुए जोशीजी को जरूर गलती का अहसास होगा. उन्हें अपने बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए.”
राहुल के निर्देश पर जोशी ने जताया खेद
पार्टी अध्यक्ष के सामने आने के बाद कांग्रेस के बड़े नेता सीपी जोशी ने अपने बयान पर खेद जताते हुए ट्वीट किया. हालांकि, इसके पहले उनका कहना था कि उनके बयान को बीजेपी ने तोड़मरोड़ कर पेश किया है, और वो इसकी निंदा करते हैं. लेकिन राहुल गांधी के निर्देश के बाद उन्होंने ट्वीट किया कि, ‘कांग्रेस के सिद्धांतों एवं कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए मेरे कथन से समाज के किसी वर्ग को ठेस पहुंची हो तो मैं उसके लिए खेद प्रकट करता हूं.’
कांग्रेस के सिद्धांतो एवं कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए मेरे कथन से समाज के किसी वर्ग को ठेस पहुँची हो तो मैं उसके लिए खेद प्रकट करता हूँ ।
— Dr. C.P. Joshi (@drcpjoshi) November 23, 2018
क्या कहा था सीपी जोशी ने
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी ने राजस्थान में गुरुवार को एक चुनावी सभा के दौरान कहा था कि ब्राह्मण ही धर्म के बारे में बोल सकता है. उन्होंने पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री उमा भारती की जाति पर सवाल उठाते हुए कहा, आपको पता है कि उमा भारती और पीएम मोदी किस जाति के हैं. इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी रहीं साध्वी ऋतंभरा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह किस जाति की हैं, यह लोग धर्म के बारे में क्या जानते हैं.




