
Ranchi : 22 मई तक राज्य में बारिश को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, आने वाले 25 मई तक राज्य में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गयी है. इसमें सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिहंभूम के मंझरी इलाके में 40 एमएम बारिश दर्ज किया गया. वहीं, बड़कागांव में 12 एमएम बारिश हुई. गिरिडीह, खूंटी, पाकुड़, साहेबगंज में छिटपुट बारिश दर्ज की गयी, जो चार एमएम से दो एमएम तक हुई.
मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 21 और 22 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी दक्षिणी और मध्य हिस्से में बारिश के साथ थंडरिंग की संभावना है. इसमें देवघर, गिरिडीह, कोडरमा, पाकुड़, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, रांची समेत अन्य जिलों में बारिश की संभावना है. वहीं, 23 मई से 25 तक राज्य भर में बारिश की जानकारी दी गयी है. इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.
तापमान की जानकारी देते हुए वरीय मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में कमी दर्ज की जायेगी. आने वाले दो दिनों के दौरान तापमान में तीन डिग्री तक की कमी देखी जायेगी. जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. इसके साथ ही 26 मई तक राज्य का औसतन अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक रहने की जानकारी दी गयी है. वहीं, पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिकतम तापमान गझ़वा का 43 डिग्री, सरायकेला खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम का 41 डिग्री सेलिस्यस दर्ज किया गया. गुमला का 40.5 और बहरागोड़ा, लातेहार, लोहरदगा का तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया. राजधानी रांची का तापमान पिछले 24 घंटे के दौरान 37 डिग्री सेल्सियस रहा.




