
Ranchi: चावल व्यवसायी नरेंद्र सिंह होरा हत्याकांड में सीएम द्वारा 72 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद पुलिस मामले की जांच के लिए रेस हो गयी है. इस मामले की जांच में पुलिस के कई वरीय अधिकारी जुट गये हैं. इसी कड़ी में रविवार को सीआईडी एडीजी, आईजी, डीआईजी, सिटी एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों द्वारा यहां रोस्पा टावर के पीछे मैदान की गली का निरीक्षण किया गया.
इसे भी पढ़ें: नरेंद्र सिंह होरा हत्याकांड को सुलझाने में लगी है रांची पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम
हत्या करके भागने वाले रास्ते का लिया जायजा
नरेंद्र सिंह होरा की जिस जगह हत्या हुई और घटना को अंजाम देने के बाद जिधर से तीनों अपराधी भागे थे उस भागने वाले रास्ते की जांच पुलिस के आला अधिकारियों ने की. मौके पर सीआईडी एडीजी अजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है. अनुसंधान के बाद ही हत्या के पीछे कारणों का पता चल पायेगा. सीआईडी एडीजी अजय सिंह ने कहा कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस के सभी विभाग के अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं. उम्मीद है जल्दी आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें: नरेंद्र सिंह होरा हत्याकांड : चैंबर सदस्य सीएम से मिले, सीएम ने कहा- जल्द होगी अपराधियों की गिरफ्तारी
72 घंटे में गिरफ्तार करने का आदेश
शनिवार को सीएम रघुवर दास ने दिवंगत व्यवसायी नरेंद्र सिंह होरा के बेटे भूपेंद्र सिंह होरा से बात कर दुख जताया था. साथ ही आश्वासन दिया कि किसी भी कीमत पर अपराधी नहीं बचेंगे. सीएम रघुवर दास ने डीजीपी और गृह सचिव को 72 घंटे के अंदर अपराधियों को गिरफ्तार करने का आदेश दे चुके हैं. इस आदेश के बाद घटनास्थल की जांच के दौरान सीआईडी एडीजी अजय सिंह आईजी नवीन कुमार, डीआईजी एवी होमकर, सिटी एसपी अमन कुमार, सिटी डीएसपी प्राण रंजन सहित लोअर बाजार थाना प्रभारी सीआईडी इंस्पेक्टर मौजूद थे.




