BusinessNational

बाजार के उतार-चढ़ाव पर आरबीआई-सेबी की नजर, उचित कार्रवाई के लिये तैयार: रिजर्व बैंक

Mumbai:घरेलू शेयर बाजार में बीते शुक्रवार को कुछ समय के लिये आयी तेज गिरावट के बाद भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और बाजार नियामक सेबी वित्तीय बाजार पर करीब से नजर रखे हुए हैं. रिजर्व बैंक ने रविवार को यह बात कही.  केंद्रीय बैंक ने बयान जारी करके कहा, आरबीआई और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) वित्तीय बाजार में हाल में आये उतार-चढ़ाव पर करीब से नजर बनाये हुए हैं और जरूरत पड़ने पर उचित कार्रवाई के लिये भी तैयार है.

इसे भी पढ़ें: केंद्र ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का नाम बदलकर कर दिया आयुष्मान भारत

पूरे कारोबार के दौरान इसमें 1,495.60 अंक का उतार-चढ़ाव

बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को मजबूती के साथ खुला और अचानक दोपहर के कारोबार में 1,127.58 अंक यानी 3.03 प्रतिशत का गोता लगाकर 35,993.64 अंक के न्यूनतम स्तर पर आ गया. हालांकि बाद में इसमें तेज सुधार आया. अंत में सेंसेक्स 279.62 अंक की गिरावट के साथ 36,841.60 अंक पर बंद हुआ. पूरे कारोबार के दौरान इसमें 1,495.60 अंक का उतार-चढ़ाव आया. नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 91.25 अंक की गिरावट के साथ 11,143.10 अंक पर बंद हुआ.  बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज की गयी और इससे निवेशकों को 5.6 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी.

इसे भी पढ़ें: पीएम के आयुष्मान भारत कार्यक्रम को लेकर नहीं दिखा आम लोगों में उत्साह

डॉलर के मुकाबले रुपये 17 पैसे चढ़कर 72.20 रुपये प्रति डॉलर पर बंद

विदेशी निवेशकों ने इस महीने अब तक भारतीय पूंजी बाजारों से 15,365 करोड़ रुपये (2.1 अरब डॉलर) की निकासी की है. जबकि अगस्त और जुलाई महीने में निवेशकों ने बाजार में निवेश किया था. एफपीआई की ओर से निकासी की अहम वजह वैश्विक स्तर पर व्यापार मोर्चे पर बढ़ता तनाव और चालू खाते के घाटे की चिंता रही. अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) बुधवार को शुद्ध रूप से बिकवाल रहे और उन्होंने 2,184.55 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,201.30 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे. वहीं, व्यापार मोर्चे पर तनाव बढ़ने की आशंकाओं के चलते पिछले दिनों रुपये की विनिमय दर में तेज गिरावट दर्ज की गयी. हालांकि, शुक्रवार के कारोबारी दिन में डॉलर के मुकाबले रुपये 17 पैसे चढ़कर 72.20 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ.

 

Related Articles

Back to top button