
Dhanbad: आयुष्मान भारत योजना से जुड़ने के लिए धनबाद जिले के 27 निजी अस्पतालों ने सविल सर्जन को आवेदन दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 सितंबर को रांची के रिम्स से आयुष्मान भारत योजना की शुरूआत करेंगे. धनबाद में इसकी तैयारियों की जानकारी देते हुए धनबाद सदर अस्पताल के सिविल सर्जन चंद्र अंबिका श्रीवास्तव ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए जिले के पीएमसीएच, 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व 2 अर्बन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाभुकों को इस योजना का लाभ प्राप्त होगा. योजना के लिए जिले के 27 निजी अस्पताल एवं नर्सिंग होम ने भी पंजीकरण के लिए आवेदन दिया है.
इसे भी पढ़ें : धनबाद : क्या ऐसे खत्म होगा गैंग ऑफ वासेपुर का वर्चस्व?
लाभुकों के पूरे परिवार का होगा 5 लाख तक कैशलेश इलाज
सिविल सर्जन ने बताया कि इस योजना के लिए हर अस्पताल में एक आरोग्य मित्र उपस्थित रहेंगे. जो आधार कार्ड से लाभुकों के बायोमेट्रिक का वेरिफिकेशन करेंगे. निजी अस्पतालों में इसके लिए कियोस्क लगाए जाएंगे. चंद्र अंबिका श्रीवास्तव ने बताया कि योजना के अंतर्गत 1350 बीमारियों का इलाज लाभुक सहित उसके परिवार के सभी सदस्य करा सकेंगे. इसमें प्रति वर्ष प्रति परिवार के लिए 5 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज किया जाएगा. सिविल सर्जन ने बताया कि क्लिनिकल इस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत पंजीकृत 10 बेड वाले अस्पताल योजना का लाभ प्रदान कर सकते हैं. योजना में शामिल होने के लिए अस्पताल में 24 घंटे एक एमबीबीएस डॉक्टर का उपलब्ध होना अनिवार्य है. उन्होंने बताया कि योजना के लिए बीसीसीएल सेन्ट्रल अस्पताल, ईसीएल, ईएसआई अस्पताल, टाटा जामाडोबा अस्पताल, रेलवे अस्पताल को भी शामिल करने का प्रयास किया जाएगा. आयुष्मान भारत योजना के लिए 11 आरोग्य मित्रों का चयन किया गया है. इन्हें पूरी तरह से योजना के लिए प्रशिक्षण दिया गया है.




