
Dumka : व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत शिविर का आयोजन हुआ. शिविर का आयोजन नालसा, दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार हुआ. शिविर में गठित चार बेंचों में कुल 293 मामलों का निपटारा करते हुए कुल 37.32 लाख रुपये से अधिक की वसूली हुई. शिविर का उद्घाटन पीडीजे सह प्राधिकार अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में द्वीप प्रज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर फैमिली कोर्ट के जज नलिन कुमार, एसडीजेएम प्रताप चंद्र, जेएम वन मनीष कुमार मिश्रा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष विजय सिंह, सचिव राघवेंद्र नाथ पांडे एवं एसपी किशोर कौशल उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें- दुष्कर्म की कोशिश करने वाले युवक से शादी करना चाहती है पीड़िता, परिजन कर रहे इनकार
प्राधिकार सचिव ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से तीन बिछड़े दंपती को मिलाया गया. प्राधिकार अध्यक्ष सिंह ने दपंती को सुखम दांपत्य जीवन व्यतीत करने का आशीष दिया. उल्लेखनीय मामला रहा कि 30 वर्ष पूर्व शादी हुई थी. एक साल पूर्व दंपती आपसी विवाद के कारण एक-दूसरे से अलग हो गया था. दोनों से एक लड़की एवं एक लड़का है. लड़की की शादी हो चुकी है. दोनों को प्राधिकार मध्यस्थता द्वारा मिलाया गया. दंपती में पति अशोक डे एवं पत्नी चिंतावाला दासी दुमका जिला निवासी है. दूसरा तीन साल से बिछड़े दंपती को मिलाया गया. दोनों की शादी वर्ष 2013 में हुई थी. ये आपसी विवाद में एक-दूसरे से अलग हो गये थे. इसमें नगर थाना क्षेत्र के कड़हलबिल निवासी पति राजकुमार एवं पत्नी पिंकी देवी हैं. तीसरा मामला बोकारो निवासी जुल्फिकार अली एवं दुधानी निवासी चंदा खातून का है. दोनों की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी. दोनों से दो बच्चे हैं. दोनों पिछले दो माह से जुदा थे. सभी का मामला फैमिली कोर्ट में चल रहा था.
इसे भी पढ़ें- आखिर क्यों नाराज हुए धनबाद डीआरएम?
आपसी समझौते के आधार पर निपटे 293 मामले
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्राधिकार अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने वादकारियों से लोक अदालत के माध्यम से आपसी सुलह-समझौता के आधार पर अधिक से अधिक वादों का निपटारा करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से समय और खर्च की बचत होती है. अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील की. एसोसिएसन अध्यक्ष विजय सिंह ने वादकारियों से आपसी समझौता के आधार पर वादों का निष्पादन करने की अपील की. प्राधिकार सचिव निशांत कुमार ने बताया कि तीन बेंचों के गठन में 293 मामलों का आपसी समझौता के आधार पर निपटारा करते हुए 37.32 लाख रुपये से अधिक की वसूली हुई. गठित बेंच नंबर एक में फैमिली कोर्ट के जज नलिन कुमार, अदालत सदस्य सत्येंद्र कुमार सिंह एवं अधिवक्ता भीम प्रसाद मंडल के न्यायालय ने तीन वादों का निपटारा किया. बेंच नंबर दो में एडीजे वन कमल नयन पांडेय, अदालत सदस्य घनश्याम प्रसाद साह एवं अधिवक्ता अनिता मंडल की अदालत ने आपसी सुलह के आधार पर चार मामलों का निपटारा करते हुए 7.25 लाख रुपये की वसूली की. बेंच नंबर तीन में एसीजेएम देवाशीष महोपात्रा, अधिवक्ता शिव शंकर पांडेय एवं अधिवक्ता सिकंदर मंडल की अदालत में कुल 219 वादों का आपसी समझौता के आधार पर निपटारा करते हुए 20,90,481 रुपये की वसूली हुई. बेंच नंबर चार में एसडीजेएम प्रताप चंद्र, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, अधिवक्ता संगीता कुमारी की अदालत में कुल 67 वादों का आपसी समझौता के आधार पर निपटारा करते हुए 9,16,610 रुपये की वसूली हुई.




