
Ranchi : सहायक विद्युत अभियंता जयनंदन कुमार सिंह के साथ बुधवार की शाम करीब 4 बजे मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि विद्युत आपूर्ति क्षेत्र कुसई कॉलोनी डोरंडा कार्यालय में जयनंदन कुमार के साथ सुनील कुमार सिंह, आलोक कुमार दुबे और संजय कुमार समेत आये अन्य व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. आलोक दुबे खुद को कांग्रेस पार्टी का नेता बता रहे थे और ये लोग कह रहे थे कि यह सहायक विद्युत अभियंता माननेवाला नहीं है. इसने मेरे ऊपर सुखदेव नगर थाना में एफआईआर दर्ज करायी है और मेरे क्षेत्र के लोगों पर भी बिजली चोरी का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कर रहा है.
इसे भी पढ़ें- विकास की वर्तमान अवधारणा शोषकों की अवधारणा है : घनश्याम
क्या है मामला
सहायक विद्युत अभियंता जयनंदन कुमार सिंह ने बताया कि वह बुधवार की शाम 4 बजे के करीब विद्युतापूर्ति क्षेत्र कुसई कॉलोनी डोरंडा कार्यालय में बैठे हुए थे. तभी आलोक दुबे, सुनील कुमार सिंह अन्य लोगों के साथ कार्यालय पहुंचे और उन्हें गालियां देने लगे. उसके बाद उनके साथ मारपीट करने लगे. जयनंदन कुमार सिंह का कहना है कि उन पर हमला करनेवाले लोग कह रहे थे- इसको छोड़ना नहीं, इसने मेरे ऊपर बिजली चोरी का आरोप लगाकर सुखदेव नगर थाना में मामला दर्ज करवाया है. यह ऐसे केस नहीं उठायेगा, इसको मारो. वे लोग बार-बार कह रहे थे कि इसको जिंदा नहीं छोड़ना. जयनंदन कुमार सिंह ने बताया कि कार्यालय में मौजूद लोगों ने उन्हें बचाते हुए बाहर निकाला और उन्होंने वहां से भागकर अपनी जान बचायी.
इसे भी पढे़ं- श्रम कानूनों में मालिकपक्षीय संशोधन रद्द किया जाये : शुभेंदु सेन
सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में दर्ज कराया गया एफआईआर
जयनंदन कुमार सिंह ने बताया कि 27 अगस्त को वह झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के आदेश पर गठित छापामारी दल के साथ सुखदेव नगर क्षेत्र में बिजली चोरी की रोकथाम हेतु छापामारी करने गये थे. वहां सुनील कुमार सिंह द्वारा कुछ अज्ञात लोगों के साथ पहुंचकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए कार्यरत कर्मी को गाली-गलौज करते हुए छापामारी करने से रोक दिया गया था. इसी मामले को लेकर उन्होंने सुखदेव नगर थाना में सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करवायी थी.




