
Palamu : शौचालय और आवास योजना की अद्यतन प्रगति देखने उपायुक्त डॉ शांतनु अग्रहरी रविवार को अति दुरस्त रामगढ़ प्रखंड पहुंचे. रामगढ़ ग्राम पंचायत अंतर्गत लाभुकों के बने शौचालय और आवास की भौतिक स्थिति उन्होंने देखी और लाभुकों से बातचीत भी की. शौचालय उपयोग हो रहा है अथवा नहीं इसकी भी उन्होंने जांच की. कुछ शौचालयों में नल नहीं होने पर उन्होंने प्रखंड समन्वयक, सोशल मोबलाइजर और सम्बन्धित ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को बनवाने का निर्देश भी दिया.
इसे भी पढ़ेंः रिम्स के सुरक्षाकर्मी मरीजों को बरगला कर निजी अस्पतालों में कराते हैं डायवर्ट
रविवार होने के बाद भी प्रखंड कार्यालय खुला रहा
बता दें कि पलामू जिले में पदभार ग्रहण करने के बाद रविवार को उनका पहला क्षेत्र भ्रमण था. रामगढ़ की धीमी प्रगति की वजह से उन्होंने यहां विजिट करने का निर्णय लिया था. रामगढ़ के खाम टोला में सरयू एक्शन प्लान के तहत बने आवास के लाभुक ख्वाजा मियां के अंतिम क़िस्त का भुगतान तीन दिनों के अंदर कराने का निर्देश उन्होंने बीडीओ को दिया.
इसके पूर्व उन्होंने प्रखंड कार्यालय में बीडीओ, मुखिया, बीपीओ, पंचायत सेवक, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के प्रखंड समन्वयक एवं सोशल मोबलाइजर के साथ समीक्षा बैठक की. रविवार होने के बाद भी प्रखंड कार्यालय खुला एवं समीक्षा कार्य हुआ. छुट्टी के दिन भी उपायुक्त के ग्रमीण क्षेत्र का भ्रमण करना लोगों ने तारीफ की और अपनी शिकायतों को उनसे साझा किया.
इसे भी पढ़ें- राज्य में 1538 स्वास्थ्य केंद्र जिसमें 1015 निर्माणाधीन, जनता कैसे रहेगी तंदरुस्त
कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी
सितम्बर तक शौचालय के सभी लक्ष्य एवं दिसम्बर माह तक प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश बीडीओ, पंचायत सेवक एवं प्रखंड समन्वयक को दिया. सभी मुखिया को उन्होंने निर्देश दिया कि राजमिस्त्री की संख्या बढाकर जल्द से जल्द लक्ष्य को पूरा करें.
सभी पंचायत सेवक को शौचालय का लक्ष्य पूरा करते हुए जल्द से जल्द ओडीएफ करने हेतु उन्होंने निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि समय पर लक्ष्य को पूरा करने वाले अधिकारी कर्मचारी को सम्मान मिलेगा और कोताही बरतने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी. समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त बिंदु माधव प्रसाद सिंह, एसडीओ सदर नन्द किशोर गुप्ता, एनडीसी सुधीर कुमार, बीडीओ नरेश वर्मा, एसबीएम के जिला समन्वयक अमित कुमार, धर्मेंद्र कुमार, कनक राज सहित तमाम लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें-झारखंड में हर माह औसतन बदले 12 आइएएस, आठ माह में 96 आइएएस, 16 डीसी भी बदले गये
सभी मुखिया ने ओडीएफ करने का किया वादा
सभी मुखिया ने तय समय पर स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के सभी लक्ष्य को पूरा करने का भरोसा उपायुक्त को दिया. सभी ने एक स्वर में कहा कि सभी ताकत झोंक कर रामगढ़ प्रखंड को ओडीएफ करेंगे.




