
Dhanbad: कोयलांचल में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत हुई है. झरिया के पाथरडीह थाना क्षेत्र का ये मामला है, जहां महिला की जलकर मौत हो गई है. परिजनों ने मृतका के ससुर पर बहू से दुष्कर्म करने में नाकाम रहने पर उसे जलाकर मारने का आरोप लगाया है. इधर नाराज मायके वालों ने मृतका के पति की पीएमसीएच में जमकर धुनाई कर दी.
इसे भी पढ़ेंः ताश के पत्तों की तरह फेंटे जा रहे अफसर, एक सप्ताह में बदल दिये गये 304 अफसर
ससुर ने शर्मसार किया रिश्ता !
घटना झरिया के पाथरडीह थाना क्षेत्र के के के मोड़ के निकट की है. जहां 2011 में ब्याही गयी एक बच्चे की मां की जलकर मौत हो गई. मौत से आक्रोशित परिजनों ने मृतका के पति की पीएमसीएच में जमकर धुनाई की जबकि ससुर पर उसके साथ ज्यादती के प्रयास में असफल रहने पर जलाकर मारने का आरोप लगाया है. घटना के बाद आरोपी ससुर फरार बताया जा रहा है.
पति-पत्नी में होता था झगड़ा
बिहार के जमुई की रहने वाली युवती की शादी 9 साल पहले धनबाद के पाथरडीह इलाके के रहने वाले युवक से हुई थी. आये दिन पति पत्नी में झगड़ा हुआ करता था. परिजनो का आरोप है कि महिला के ससुर जो सेल से रिटायर्ड हैं वो भी झगड़े में शामिल रहते थे. और उसकी अपनी ही बहू पर बुरी नजर थी. रिश्तों को शर्मसार करते हुए आरोपी ने महिला के साथ रेप की कोशिश की. परिजनों का कहना है कि इस दौरान शोर मचाने के बाद परिवार के अन्य लोग वहां पहुंच गये. लेकिन बाद में मामले को दबाने के लिए उसे जला कर मार डाला गया.
बहू ने खुद को लगायी आग- सास
वहीं मृतका के पति और सास ने बताया कि मृतका के ससुर ने ऐसा कुछ नहीं किया है. झगड़ा कर उसने खुद को आग लगा ली. इस दौरान उसे बचाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन असफल रहें.
इधर पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा. साथ ही दिये गये आवेदन पर आगे की कार्रवाई किये जाने की बात कही.




