
New Delhi: टी-20 पुरुष वर्ल्ड कप 2022 में भारत-पाकिस्तान के मुकाबले में विराट कोहली की पारी ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में यदि घर बनाया है तो अब जेमिमा रोड्रिग्ज के लिए भी जगह बनानी पड़ेगी. महिला टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में जेमिमा की बेहतरीन पारी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया. जेमिमा ने 53 रनों की नाबाद पारी खेलकर विराट कोहली की 82 रनों की नाबाद पारी की याद दिलाई. हालांकि, पाकिस्तान से मिले 150 रनों के लक्ष्य को रौंदने में महिला क्रिकेटरों में रिचा घोष ने जेमिमा का बखूबी साथ निभाया.
(1/2)What a win from our women’s team against Pakistan in a high pressure game and a tough run chase. pic.twitter.com/W98jFZhNUf
— Virat Kohli (@imVkohli) February 12, 2023
150 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को आखिरी 24 बॉल पर 41 रन की जरूरत थी. बल्लेबाजी कर रही जेमिमा रोड्रिग्ज व रिचा घोष ने गियर बदला. 17वें ओवर में अपनी गति बढ़ाई और 13 ओवर बना लिए. इसके बाद 18वें ओवर में 14 और 19वें ओवर में 15 रन बनाकर जीत हासिल कर ली. इस तरह टीम ने 18 बॉल पर 42 रन बनाकर ग्रुप स्टेज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को हराया. जेमिमा की इस पारी को विराट ने भी सराहा. विराट ने ट्विट करके इस जीत को बड़ी जीत बताया है.
इस जीत के साथ ही टी-20 वर्ल्ड कप का भारत ने जीत से आगाज किया. यह भारत का पहला मैच था. अगला मैच वेस्टइंडीज के साथ है. इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 149 रन बनाए थे. यह टी20 में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर रहा. बिस्माह मारूफ ने 55 गेंदों में नाबाद 68 रन और आयशा नसीम ने 25 गेंदों में नाबाद 43 रन की पारी खेली.
जेमिमा 38 गेंदों में 53 रन और ऋचा 20 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद रहीं. जेमिमा ने अपनी पारी में आठ चौके लगाए, जबकि ऋचा ने अपनी पारी में पांच चौके लगाए. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए नाबाद 58 रन की साझेदारी हुई. जेमिमा को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. भारतीय टीम अब अगला मैच 15 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है. ग्रुप-बी में इस जीत के साथ टीम इंडिया दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. इंग्लैंड की टीम दो अंक और बेहतर रन रेट के साथ शीर्ष पर है. वहीं, पाकिस्तान चौथे स्थान पर है. पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को आयरलैंड से भिड़ेगी.




