
Ramgarh: बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत तलसवार, अंबाटोला, आगों, उरेज से पतरातू प्रखंड के टेरपा होते हुए डाढ़ीडीह सरना हाई स्कूल तक की सड़क का निर्माण लगभग 78 करोड़ रुपये की लागत से होगा. ज्ञातव्य हो कि विगत दिनों पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव से मुलाकात कर विधायक अंबा प्रसाद ने सड़क निर्माण का अनुशंसा पत्र सौंपा था तथा जर्जर सड़क को लेकर ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल सड़क निर्माण की स्वीकृति हेतु कहा था. विधायक की अनुशंसा पर अधीक्षण अभियंता, अग्रिम योजना अंचल, पथ निर्माण विभाग ने मुख्य अभियंता, केंद्रीय निरूपण संगठन, पथ निर्माण विभाग को डीपीआर समर्पित कर दिया है. बहुत जल्द इस सड़क को प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होगी और कैबिनेट से उक्त प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाने का कार्य किया जाएगा. इस मौके पर विधायक अंबा प्रसाद ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि उक्त सड़क निर्माण होने से बड़कागांव प्रखंड से पतरातू प्रखंड जाने के लिए लोगों को एक विकल्प मार्ग प्राप्त होगा तथा बड़कागांव से पतरातू जाने के लिए सौंदा जाने की आवश्यकता नहीं होगी.
बड़कागांव प्रखंड के अन्य इन सड़कों के निर्माण की मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत बड़कागांव प्रखंड के महुगाईकला से हरली तक 2.500 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी ग्रामीण कार्य विभाग के द्वारा किया जाएगा जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति विभाग द्वारा प्राप्त हो चुकी है. विधायक अंबा प्रसाद ने कहा क्षेत्र के सभी हिस्सों में अधिक से अधिक नयी सड़कों और खराब पड़े सड़कों के जीर्णोद्धार कार्य को धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है. बड़कागांव विधानसभा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, लोगों को सुगम पथ की सुविधा उपलब्ध हो यह हमारा लक्ष्य है. वहीं सड़कों के निर्माण के लिए की जा रही सकारात्मक पहल होने पर ग्रामीणों में काफी खुशी का माहौल है और सभी ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक अंबा प्रसाद के प्रति धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में एक लाख करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च, सरकार के पास हिसाब नहीं, अब मची खलबली




