News Wing Daltonganj, 11 October: रेलवे की सुरक्षा और संरक्षा को लेकर डालटनगंज रेलवे स्टेशन में रेलवे और पुलिस की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गयी. बैठक में रेलवे की ओर से धनबाद रेलमंडल के डीआरएम मनोज कुमार अखौरी और पुलिस की ओर से एडीजी आरके मल्लिक शामिल हुए. बैठक में पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी विपुल शुक्ला, पलामू के पुलिस अधीक्षक इन्द्रजीत माहथा, एएसपी (नक्सल) अरूण सिंह, रेल एसपी एसके जर्नादनन, आरपीएफ कमांडेंट विनोद कुमार, सीआरपीएफ डीआईजी और सीआईडी एसपी भी मौजूद थे. डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के अतिथि कक्ष में करीब 45 मिनट तक चली इस हाईलेवल मीटिंग में सुरक्षा और संरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई.
डाल्टनगंज से बरकाकाना स्टेशन के बीच नहीं है एक भी जीआरपी थाना
बैठक में यह बात छन कर आयी कि डालटनगंज और बरकाकाना के बीच एक भी जीआरपी थाना नहीं है. इस वजह से आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने में केवल आरपीएफ को अपनी ताकत झोंकनी पड़ती है. इस परिस्थिति को देखते हुए डाल्टनगंज और बरकाकाना स्टेशनों के बीच बरवाडीह और टोरी में जीआरपी थानों के गठन का प्रस्ताव पेश किया गया.
रेलवे क्वार्टरों और रेलवे भूमि से अवैध कब्जा हटाने का फैसला
बैठक में रेलवे क्वार्टरों और भूमि पर से अवैध कब्जा हटाने का भी फैसला किया गया. इसके लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा. इस दौरान डाल्टनगंज और गोमिया स्टेशन के बीच की सभी समस्याओं को दूर करने का भी निर्णय लिया गया. गौरतलब है कि इस रूट पर अवैध खनन और अवैध ढुलाई के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों की सूचनाएं मिलती रहती हैं. यही वजह है कि बैठक में इस रूट पर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.




