News Wing
Daltonganj, 16 October: आदिम जनजातियों ने अपनी 13 सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को समाहरणालय का घेराव किया. भारतीय जनमुक्ति पार्टी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन सह घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजाति समाज के लोग शामिल हुए. प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के सुप्रीमो उमाशंकर बैगा और अवधेश राम कर रहे थे. इस मौके पर बैगा ने कहा कि झारखंड सरकार आदिवासियों को उनके जल, जंगल और जमीन से बेदखल करना चाहती है. सरकार राज्य में शराब बेचवाने का कार्य कर रही है, जिससे लोगों को महंगे दामों पर शराब खरीदना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि मंडल डैम में गेट लगवाकर आदिम जनजातियों को मार डालने का प्रयास किया जा रहा है.
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
घेराव के बाद प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त कार्यालय में राज्यपाल के नाम 13 सूत्री मांगपत्र सौंपा. जिसमें मंडल डैम के निर्माण कार्य पर रोक लगाने, कठौतिया कोल माइंस के विस्थापितों को मुआवजा दिलाने, वन अधिकार अधिनियम के तहत वन पर आश्रित परिवारों को भूमि का पट्टा देने, सीएनटी-एसपीटी कानून कड़ाई से लागू कराने और गरीबों को उचित मूल्य व उचित मात्रा में राशन सामग्री मुहैया कराने सहित कई मांगें शामिल हैं. प्रदर्शन करने वालों में नरेश कुमार भुईंया, अवधेश राम, विश्वनाथ बैगा, शकुन्तला देवी, मंजू देवी, विनय सिंह, विजय परहिया, सीता राम यादव, अवधेश राम, सुनील कुमार यादव, जगदीश परहिया, ललन यादव, कमलेश परहिया और अवधेश पांडेय सहित कई लोग मौजूद थे.




