
New Delhi: जिन लोगों ने कोरोना का बूस्टर डोज अभी तक नहीं लिया है उनके लिए सुनहरा मौका है. कल से देश भर में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना का बूस्टर डोज मुफ्त लगाया जाएगा. बुधबार को केंद्रीय कैबिनेट ने इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अभी तक देश में कोरोना वैस्कीन का पहला और दूसरा डोज मुफ्त दिया जा रहा था. बूस्टर डोज के लिए शुल्क लग रही है. अब आजादी के अमृत महोत्सव के मद्देनजर बूस्टर डोज को 75 दिनों के लिए मुफ्त किया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी तक 18-59 साल के बीच आने वाली 77 करोड़ की टारगेट पॉपुलेशन में से 1% से भी कम को प्रिकॉशन डोज लगा है. 60 साल या उससे ज्यादा उम्र की करीब 16 करोड़ आबादी के साथ करीब 26% हेल्थ केयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स को ही बूस्टर डोज मिला है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक के करीब 6 महीने बाद शरीर में एंटीबॉडी का स्तर कम हो जाता है. बूस्टर डोज से इम्यून रिस्पॉन्स बढ़ता है. मालूम हो कि पहले पहली खुराक के नौ महीने बाद दूसरी खुराक दी जाती थी. जिसे घटाकर अब नौ माह कर दिया गया है.
इधर, देश में रोजाना मिलने वाले कोरोना मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है. देश में 5 महीने बाद बुधवार को एक बार फिर 19 हजार के पार कोरोना केस सामने आए हैं. बुधवार को 24 घंटे में 19,328 नए मरीजों की पुष्टि हुई है. इसके पहले 19 फरवरी को 19,968 केस आए थे. बुधवार को कोरोना से 38 लोगों की मौतें हुई हैं. फिलहाल देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 1.34 लाख तक पहुंच गई है. ऐसे में सभी को कोरोना वैक्सीन अवश्य लेना चाहिए और सरकार के गाईडलाइन का भी पालन करना चाहिए.




