
Dhanbad : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अगले कुछ ही घंटों में धनबाद पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का मुख्य कार्यक्रम गोल्फ ग्राउंड में आयोजित है. मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे तक बरवाअड्डा हवाई अड्डा पहुंचेंगे. यहां गार्ड ऑफ ऑनर के बाद सड़क मार्ग होते हुए मेमको मोड़ और फिर सिटी सेंटर होते हुए गोल्फ ग्राउंड जाएंगे. समारोह में मुख्यमंत्री लगभग 512 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे. जिसमें 350.86 करोड़ की 118 योजनाओं का शिलान्यास, 161.28 करोड़ की 106 योजनाओं का शुभारंभ व 18946 लाभुकों के बीच 48.911 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण करेंगे. साथ ही 174 व्यक्तियों को सरकारी नौकरी व कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्लेसमेंट के लिए नियुक्ति पत्र दिया जाएगा. कोरोना काल में बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सकों व कर्मचारियों को भी सम्मानित करेंगे.
जिला प्रशासन के अनुसार, लगभग 2 घंटे से ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री धनबाद में रहेंगे. इस दौरान जिले के विकास के संबंधित तमाम बातों पर चर्चा होगी. मुख्यमंत्री के साथ समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता समेत सांसद पीएन सिंह और सभी विधायक भी मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री 3.05 बजे परिसदन में अल्प विश्राम करेंगे और 3.45 बजे बरवाअड्डा हवाईअड्डा से रांची लौट जाएंगे.
सीएम हेंमत सोरेन मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सरकारी कार्यक्रम में शिरकत करने आ रहे हैं. सीएम के दौरे से पहले धनबाद को चमकाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है. मेमको मोड़ से सिटी सेंटर तक की सड़क को नगर निगम की ओर से चकाचक कर दिया गया है. रानी तालाब के पास सड़क किनारे पड़ी ईंटों को निगम ने बुलडोजर लगाकर हटवाया. जगह जगह पर सफाई कर्मियों को लगाकर सड़क की साफ सफाई कराई गई. रविवार की देर रात तक इन सड़कों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. वहीं जो काम बचा था, उसे सोमवार की सुबह पूरा किया जा रहा है. दिनभर इस रास्ते पर विभिन्न प्रकार के ठेला खोमचा लगाने वालों को नजर नहीं आने की सख्त हिदायत दी गई है. सब्जी विक्रेताओं को भी सड़क का अतिक्रमण नहीं करने को कहा गया है.
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम स्थल रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) तथा बरवाअड्डा हवाईपट्टी पर भी पुलिस बल तथा दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. हवाईपट्टी से सर्किट हाउस तथा सर्किट हाउस से कार्यक्रम स्थल गोल्फ ग्राउंड तक के मार्ग पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. एयरपोर्ट से होकर गोल्फ ग्राउंड जाने वाले सभी रास्तों की बैरिकेडिंग कर पुलिस जवान तैनात कर दिए गए हैं. किसी भी प्रकार के वाहन अथवा बड़ी गाड़ियों के इस ओर आने पर रोक लगा दी गई है.
मुख्यमंत्री के आगमन व प्रस्थान का कार्यक्रम
– 12.45- बरवाअड्डा हवाईपट्टी पर पहुंचेंगे
– 12.50- हवाईपट्टी से सर्किट हाउस के लिए प्रस्थान
– 01- सर्किट हाउस के रणधीर वर्मा स्टेडियम पहुंचेंगे
– 03- गोल्फ ग्राउंड से सर्किट हाउस के लिए रवाना
– 03.05- सर्किट हाउस पहुंचेंगे
– 3.30- सर्किट हाउस से हवाईपट्टी के लिए रवाना
– 3.45- हवाईपट्टी से रांची के लिए रवाना




