BiharLead NewsNEWS

सिवान : गड्ढे की खुदाई के दौरान 1200 साल पुरानी भगवान विष्णु की प्रतिमा मिली

Siwan :  आसांव प्रखंड के उत्तरवार टोला में खुदाई के दौरान 9वीं शताब्दी की 1200 साल पुरानी भगवान विष्णु की अति  दुर्लभ मूर्ति मिली है. मूर्ति देखने के लिए आस-पास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने मूर्ति को आसन पर स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी है. साथ ही मूर्ति निकलने वाली जगह पर ही मंदिर बनाकर मूर्ति स्थापना की मांग कर रहे हैं.

बताया जाता है कि आसांव प्रखंड के उत्तरवार टोला में इनार बाबा के गड़ही की जमीन है. जहां हाल ही में तकरीबन 20 फीट अंदर जेसीबी मशीन से गड्ढे की खुदाई की गई थी. गड्ढे की खुदाई वाली मिट्टी को बांध बना दिया गया था.  गांव का कोई लड़का घूमते हुए खुदाई किए गए गड्ढे की तरफ गया था. इसी दौरान जोरदार बारिश होने लगी. युवक गड्ढे के पास एक पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए छिप गया. इसी दौरान उसकी नजर गड्ढे की खुदाई कर बाहर निकाली गई मिट्टी पर पड़ी. युवक की मानें तो मिट्टी में कोई मूर्ति जैसी चीज दबी थी, जो चमचमा रही थी. उसके बाद वह भगवान विष्णु की अति दुर्लभ मूर्ति को अपने कंधे पर लेकर शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागा. युवक को गांव की तरफ दौड़कर आते हुए देखकर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई. इस बात की खबर लगते ही मूर्ति को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी. उत्तरवार टोला निवासी युवक ने मूर्ति को गांव में आसन देकर रख दिया. जिसके बाद गांव के लोगों ने पूजा-अर्चना शुरू कर दी.

गड्ढे से बाहर निकली यह मूर्ति 9वीं शताब्दी के होने का अनुमान लगाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि मूर्ति तकरीबन 1200 साल पुरानी है. ग्रामीण भगवान विष्णु की मूर्ति स्थापित कराने की बात कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि वह इस मूर्ति को प्रशासन के हवाले नहीं करेंगे, बल्कि इस मूर्ति को गांव में स्थापित कर प्रतिदिन उसकी पूजा-अर्चना करेंगे.

 इसे भी पढ़ें: पटना के हथुआ मार्केट में बिजली गिरने से लगी आग, कई दुकानें जलकर खाक

Related Articles

Back to top button