News Wing
Ranchi, 25 September: राष्ट्रीय मूट कोर्ट कंपीटिशन में रांची लॉ यूनिवर्सिटी की पूजा को देहरादून और लावण्या को हैदराबाद लॉ कॉलेज में बेस्ट स्पीकर का अवार्ड मिला है. राष्ट्रीय स्तर पर इस सप्ताह मूट कोर्ट कंपीटिश का आयोजन देश के विभिन्न लॉ कॉलेजों में किया गया. इसमें नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (एनयूएसआरएल) रांची के स्टूडेंट्स ने भी हिस्सा लेकर अपने कौशल का परिचय दिया. और कई अवार्ड्स कॉलेज को दिलवाए. इसे मंचन कह लें या कोर्ट जाने से पहले बहस के तरीकों को सीखने की कवायद, कि स्टूडेंट्स का प्रदर्शन शानदार रहा.
क्या है मूट कोर्ट मुकाबला
मूट कोर्ट कंपीटिशन लॉ स्टूडेंट्स के लिए महत्वपूर्ण प्रतियोगिता मानी जाती है. असल कोर्ट की कार्रवाई से रूबरू कराने के लिए नकली कोर्ट बनाकर काल्पनिक घटनाओं पर घंटो बहस होती है. इससे स्टूडेंट्स बेहस करने का गुर सीखते हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है.
यह रहे विजेता
23 और 24 सितंबर को सरकारी लॉ कॉलेज मुंबई में आयोजित 24वां एमसी छगला मेमोरियल लॉ कॉलेज नेशनल मूट कोर्ट कंपीटिशन 2017 में सुरज कुमार, पायल मिश्रा और ध्रुवी की टीम ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया.
दूसरी कामयाबी नई दिल्ली स्थित द इंडियन सोसाइटी ऑफ इंटरनेशनल लॉ में मिली. यहां 15वां हेंरी डुनट मूट कोर्ट कंपीटिशन का आयोजन हुआ, जिसमें आयुषी सिन्हा,श्रावणी औऱ विवेक दास ने बेस्ट मेमोरियल अवार्ड अपने नाम किया.
21 से 23 सितंबर नेशनल लॉ कॉलेज देहरादून में आयोजित प्रतियोगिता में एनयूएसआरएल की पूजा, राहूल और अक्षिता ने विनर्स ट्रॉफी जीता, साथ ही पूजा को बेस्ट स्पीकर का भी खिताब मिला. सिंबायोसिस लॉ स्कूल हैदराबाद में अनवेशा, लावण्या औऱ शावली को द्वितीय पुरस्कार मिला, साथ ही लावण्या को बेस्ट स्पीकर के अवार्ड से नवाजा गया.




