
New Delhi: कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आज से फिर पूछताछ करेगी. आज 11 बजे उन्हें ईडी दफ्तर बुलाया गया है. मालूम हो कि नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी राहुल गांधी से पूछताछ कर रही है. इससे पहले पिछले सोमवार से बुधवार तक ईडी राहुल से पूछताछ कर चुकी है. इन तीन दिनों में राहुल से करीब 30 घंटे की पूछताछ हो चुकी है.
मालूम हो कि नेशनल हेराल्ड केस में राहुल के अलावा सोनिया गांधी, सुमन दुबे और सैम पित्रौदा भी आरोपी है. दो आरोपियों ऑस्कर फर्नांडिस और मोतीलाल वोरा का निधन हो चुका है. यह भी मालूम हो कि ईडी ने 23 जून को पूछताछ के लिए सोनिया गांधी को भी बुलाया है. इधऱ, राहुल से पूछताछ के विरोध में कांग्रेसी देश भर में प्रदर्शन कर रहे हैं. कभी धऱना तो कभी राजभवन मार्च कर कांग्रेसी विरोध जता रहे हैं. कांग्रेसियों का कहना है कि केंद्र सरकार ईडी को हथियार बनाकर राहुल गांधी को परेशान कर रही है.
बताया जा रहा है कि पिछले दिन हुई तीन दिनों की पूछताछ में राहुल गांधी से 50 फीसदी ही सवाल पूछे गए हैं. सूत्र यह भी बताते हैं कि ईडी अधिकारी राहुल के जबाव से संतुष्ट नहीं हैं. मालूम हो कि इस केस में 2015 में ईडी की इंट्री हुई है. इस मामले में अब तक ईडी कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और पवन बंसल से पूछताछ कर चुकी है.




