
Jamshedpur : दो दिन से बिरसानगर में बिजली की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. पहले से ही लोड शेडिंग झेल रही एशिया की इस सबसे बड़ी बस्ती की रात कल पूरी तरह अंधेरे में गुजरी. देर रात बस्ती के लोग बिजली विभाग के नंबर पर फोन करते रहे, मगर किसी ने फोन नहीं उठाया. पूरी रात बिजली नहीं होने से बच्चे और बुजुर्ग को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है. सोमवार रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक बिजली नहीं रही. रात में बिजली तो नदारद रही. दिन में भी बिजली केवल दर्शन दे रही है. सुबह से बिजली की आंख मिचौली चल रही है. लोग केवल घर के जरूरी काम, मसलन मोटर चलाने और मोबाइल चार्ज कर पा रहे हैं. इस बारे में जब विद्युत विभाग के एसडीओ को फोन लगाया गया तो उन्होंने कोई जवाब में नहीं दिया. दो रोज से 24 घंटे में मुश्किल से 7-8 घंटे बिजली ही रह रही है.
बिजली नहीं रहने से बीमार पड़ रहे लोग
बिजली नहीं होने से बस्ती के लोग बीमार पड़ रहे हैं. फ्रीज में रखे सामान खराब हो रहे हैं, जिससे फूड प्वायजनिंग हो रही है और गर्मी के इस मौसम में लोगों में डायरिया हो रही है. डॉक्टरों का कहना है कि बार बार बिजली जाने से फ्रीज में रखे सामान में कीटाणु और विषाणु पैदा हो जाते हैं, जब इसे हम खाते हैं तो ये विषाणु हमारे शरीर में जाकर हमें बीमार कर डालते हैं.
ये भी पढ़ें- Trans Himalayan Expedition : महिलाओं को कमजोर समझने वालों को यह खबर जरूर पढ़नी चाहिए




