
New Delhi: कांग्रेस नेता व देश के दिग्गज वकील कपिल सिब्बल का फिर से राज्यसभा पहुंचना करीब तय हो गया है. वह समाजवादी प्रत्याशी के तौर पर राज्यसभा के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगे. सपा ने अपने तीन प्रत्याशियों के नाम तय किए हैं, जिनमें कपिल सिब्बल भी शामिल हैं. अन्य दो सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल व जावेद अली शामिल हैं. मालूम हो कि सिब्बल के झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थन से राज्यसभा में जाने की चर्चा चल रही थी. जाहिर है अब इस चर्चा पर विराम लग सकता है.
मालूम हो कि कपिल सिब्बल राहुल गांधी के खिलाफ लगातार मुखर रहे हैं. कांग्रेसी पार्टी के असंतुष्ट नेताओं का गुट जी-23 में भी सिब्बल काफी सक्रिय रहे हैं. एक दिन पूर्व सोनिया गांधी द्वारा गठित उच्च स्तरीय टीम में भी सिब्बल को शामिल नहीं किया गया है. जिससे यह माना जाने लगा था कि पार्टी नेतृत्व से सिब्बल की दूरी लगातार बढ़ रही है. कपिल सिब्बल का राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल समाप्त हो गया है. 2016 में वह तत्कालीन सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी द्वारा समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में यूपी से राज्यसभा के लिए चुने गए थे.




