
Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव किया. इस पर अपनी प्रतिक्रिया में भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा चोरी और सीनाजोरी दोनों कर रहा है.
साहू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का इतिहास ही भ्रष्टाचार से भरा हुआ है. उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का बयान और झामुमो का भ्रष्टाचारियों के समर्थन में खुले आम आंदोलन किया जाना अपनी भद्द पिटवाने जैसा है.
यदि झारखंड मुक्ति मोर्चा को घेराव करना ही था तो भ्रष्टाचारियों के घर का घेराव करना चाहिये था. भाजपा हमेशा करप्ट लोगों के खिलाफ खड़ी है. भारतीय जनता पार्टी राज्य की लुटती खनिज संपदा के लिए मूकदर्शक नहीं बन सकती. भाजपा एक सशक्त विपक्ष के रूप में चौकीदारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें :क्या बाबूलाल मरांडी की जायेगी विधायकी, सबकी नजरें स्पीकर के न्यायाधिकरण पर
कोर्ट का घेराव भी कर सकता है झामुमो
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का जैसा रवैया है, उस हिसाब से यदि अपराधी को सजा होती है तो वे न्यायालय का भी घेराव करेंगे. यदि अपराधी को पुलिस पकड़ती है तो वे थाना का घेराव करेंगे. झामुमो को लोकतंत्र और संवैधानिक संस्था पर भरोसा नहीं है. यही वजह है कि वे इस प्रकार की नौटंकी कर जनता को दिग्भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं.
साहू ने कहा कि मधु कोड़ा प्रकरण ने राज्य को शर्मसार किया था. उस वक़्त भी झामुमो-कांग्रेस की सरकार थी. अब पूजा सिंघल प्रकरण ने राज्य को फिर से शर्मसार किया है. हेमन्त सरकार में करोड़ों रुपये ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर उगाही किए जा रहे हैं.
वहीं अधिकारी बिना पैसा लिए जनता का कोई काम नहीं कर रहे हैं. ब्लॉक,अंचल और थाना से लेकर सचिवालय तक बिना पैसा लिये जनता का कोई कार्य नहीं हो रहा है. कायदे से हेमंत सरकार और झामुमो को प्रवर्तन निदेशालय के प्रति आभार प्रकट करना चाहिए कि राज्य में इस तरह के भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई हो रही है.
ऐसे अधिकारी यहाँ की जनता की गाढ़ी कमाई को अवैध रूप से अकूत संपत्ति बनाए बैठे हैं. राज्य सरकार को इस प्रकार के भ्रष्ट अधिकारियों खुद ही कार्रवाई करनी चहिए थी लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा करने की बजाये झामुमो भाजपा कार्यालय का घेराव कर रहा है.
इसे भी पढ़ें :हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मेन गेट और बाउंड्री वॉल पर मिले खालिस्तानी झंडे, SIT करेगी जांच, देखें VIDEO




