
Jamshedpur : शहर से सटे पड़ोसी जिला सरायकेला-खरसावां के आदित्युर क्षेत्र में फैले ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने में जुटी पुलिस को एक सप्ताह के भीतर तीसरी सफलता हाथ लगी है. दरअसल, पुलिस पंचायत चुनाव को लेकर एंटी क्राइम चेंकिंग अभियान चला रही थी. उसी दौरान एक संदिग्ध कार पर पुलिस की नजर पड़ी. आदित्यपुर पुलिस ने कार को रोककर जब तलाशी ली तो वाहन से 42 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. इस बीच कार चालक पुलिस से बचने के लिए भागने लगा, बावजूद इसके पुलिस ने उसे खदेड़कर धर-दबोचा. पुलिस की गिरफ्त में आनेवाला जानीसर अख्तर सरायकेला जिले के ही कपाली के अलीनगर का रहनेवाला है.
यह जानकारी सरायकेला के एसपी आनंद प्रकाश ने एक प्रेस वार्ता में दी. मौके पर आदित्यपुर थाना प्रभारी आलोक दूबे समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे. पुलिस ने पकड़े गये जानीसर के पास से दो कीपैड मोबाइल, एक टूटा हुआ टैब भी बरामद किया है. साथ ही, अल्टो कार नंबर-JH-05 CZ- 8635 बरामद किया है. पुलिस की पूछताछ में जानीसर ने बताया कि वह ब्राउन शुगर की सप्लाई देने आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती जा रहा था. इसके अलावा भी पुलिस को उसने ब्राउन शुगर के धंधे को लेकर कई अहम बातें बतायी हैं. पुलिस उस दिशा में जांचकर आगे की कार्रवाई कर रही है. इस बीच जिले के एसपी ने आम लोगों से ब्राउन शुगर के कारोबारियों से जुड़ी किसी तरह की सूचना पुलिस को गुप्त रूप से देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ब्राउन शुगर के अवैध धंधे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह से जारी रहेगी ताकि क्षेत्र से कोल्हान भर में फैले इस धंधे पर नकेल कसा जा सके.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : टेम्पो अनियंत्रित हो खड़े वाहन से टकराया, दो लोग घायल, एमजीएम में चल रहा इलाज




