
Ranchi: झारखंड के खूंटी जिले में आज बाइक सवार तीन अपराधियों ने महिला को गोली मारकर तीन लाख रुपये लूट लिए. 25 वर्षीय प्रभा कुमारी की कमर में गोली लगी है. प्रभा कुमारी बैंक मित्र का काम करती है. घायल अवस्था में प्रभा कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है.
घायल बैंक मित्र प्रभा कुमारी के परिजनों ने बताया कि वह रुपये जमा करने के लिए अड़की प्रखंड़ मुख्यालय स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया गई थी. प्रभा कुमारी अड़की दुर्गा मंदिर के पास की रहने वाली है. बैंक के सामने से तीन अपराधियों ने रुपये की छिनतई की. विरोध करने पर गोली मार दी. बताया जा रहा है कि तीनो अपराधी बाइक पर आए थे. घटना को अंजाम देने के बाद अड़की बस्ती की ओर भाग गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर छापेमारी शुरू कर दी है. घटना की सूचना मिलने के बाद खूंटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की है.




