
Patna : राजधानी में शुक्रवार की देर रात जक्कनपुर थाना क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार को हथियार के बल लूट लिया गया. लुटेरों का शिकार बने परसा बाजार थाना क्षेत्र निवासी राकेश कुमार ने शनिवार को जक्कनपुर थाना में शिकायत दर्ज करायी है. बताया कि वे रात 1.40 बजे अपने दोस्त को हनुमान नगर में छोड़ कर बायपास होते हुए वापस अपने घर परसा बाजार जा रहे थे. रात 2 बजे के करीब वे जब सिपारा ओवरब्रिज पहुंचे तभी एक बोलेरो कर ने पीछे से उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी. बाद में उनकी गाड़ी के आगे बोलेरो रोक कर रास्ता बाधित किया. बोलेरो से चार लोग बाहर निकले और उन्होंने राकेश से उनकी कार की चाबी मांगी.
राकेश ने जब चाबी देने से मना किया तब हथियार लहराते लुटेरों ने तुरंत फायरिंग की. इससे घबराकर राकेश अपनी कार से बाहर निकल गये और लुटेरे उनकी गाड़ी लेकर फरार हो गये. इस दौरान लुटेरे जिस बोलेरो के साथ आये थे उसे वहीं छोड़ दिया और राकेश की कार लेकर राम कृष्ण नगर की ओर फरार हो गये.
कार लूटे जाने से परेशान राकेश सड़क पर ही बदहवास खड़े थे. इसी दौरान पुलिस की गश्ती दल की गाड़ी भी वहां पहुंची तो राकेश ने अपनी आपबीती बतायी. हालांकि पुलिस को लुटेरों के बारे में अब तक कुछ भी पता नहीं चला है. पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी सहायता से आरोपियों की तलाश में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ें : पटना: पेट्रोल और डीजल के बाद CNG और PNG की कीमतों में बढ़ोतरी, जानें नए रेट्स




