GarhwaJharkhand

गढ़वा: दर्जनों भेड़ों के साथ गड़ेरिया की हत्या, एक की हालत गंभीर

Garhwa : जिले में मंगलवार की देर रात दर्जनों भेड़ों के साथ एक वृद्ध गड़ेरिया की हत्या कर दी गयी, जबकि एक को गंभीर कर दिया गया. गंभीर रूप से जख्मी गड़ेरिया को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. मौके पर पुलिस कैंप कर रही है. घटना के कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो सका है. घटना कांडी थाना क्षेत्र के भरत पहाड़ी और मझिआंव थाना क्षेत्र के करकट्टा के बीच आहर में हुई.
जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने भरत पहाड़ी और करकट्टा के बीच आहर में कई भेड़ों को मृत पाया.

आस पास जाकर देखा तो एक वृद्ध गड़ेरिया मृत पड़ा था, जबकि एक बेसुध पड़ा था. दोनों के हाथ पैर बंधे थे. जबकि तीन दर्जन से अधिक भेड़ों की निर्मम हत्या कर दी गयी थी. वहीं कई भेड़ घायल भी मिले. मृत गड़ेरिया की लुंगी को फाड़कर उसके टुकड़े से शरीर के कई हिस्सों को बांधा गया था. गले में भी लुंगी का टुकड़ा बंधा मिला. संभावना व्यक्त की जा रही है कि लुंगी के टुकड़े से ही गड़ेरिया का गला घोंटा गया. लुंगी फाड़ देने के कारण मृत गड़ेरिया अर्द्धनग्न स्थिति में पाया गया.

इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर : जुगसलाई में कार जलाने के मामले में पीड़ित पक्ष ने मांगी सुरक्षा, डीजे विवाद गहराया

मृत गड़ेरिया की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के पखनाहा निवासी सरयु पाल (63वर्ष) के रूप में की गयी है. वहीं घायल भी उसी गांव निवासी प्रभु पाल (65पर्ष) हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस उससे पूछताछ करने की तैयारी में है.

जानकारी के अनुसार गोसांग निवासी देवमूरत राम के खेत में दोनों गड़ेरिया द्वारा मंगलवार की रात्रि में भेड़ बैठाया गया था. चर्चा है कि रात्रि में आठ से दस अपराधियों ने दोनों गड़ेरिया को भेड़ सहित घेर कर घटना को अंजाम दिया.
सूचना मिलने के बाद कांडी व मझिआंव की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर घायल को अस्पताल भेजवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा. वहीं घायल भेड़ को भी इलाज के लिए मवेशी अस्पताल भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही थी.

घटना स्थल पर एसडीपीओ अधव कुमार यादव व पुलिस इंस्पेक्टर संजय खाखा, कांडी थाना प्रभारी फैज रब्बानी व मझिआंव थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मी कैंप करते हुए घटना की छानबीन कर रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है.

इसे भी पढ़ें:  जमशेदपुर: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन में पूरे राज्य में पूर्वी सिंहभूम जिला दूसरे स्थान पर

Related Articles

Back to top button