Crime NewsJamshedpurJharkhand

जमशेदपुर : शहर पहुंचे सपना किन्नर के परिजन, मौत के लिये ठहराया पति धीरज को जिम्मेदार, पुलिस जुटी आरोपी की तलाश में

Jamshedpur : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सिदो-कान्हो बस्ती की रहनेवाली सपना किन्नर की मौत के लिए उसके परिजन आरोपी पति धीरज कुमार उर्फ धीरज नायक को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. उनका कहना है कि सपना के साथ इस तरह का सलूक करनेवाले को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी मिलनी चाहिए. सपना की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन बिहार के दरभंगा जिले से शहर पहुंचे हैं. वे बुधवार को देर तक पोस्टमार्टम हाउस में जमे रहे. इस दौरान मौजूद पुलिस पदाधिकारी से वे घटना की विस्तृत जानकारी लेते रहे. उनमें मातम का माहौल साफ तौर पर दिख रहा था.

दूसरी ओर पुलिस इस मामले में धीरज कुमार उर्फ धीरज नायक की सरगर्मी से तलाश कर रही है. उसके खिलाफ कबूतरी किन्नर के बयान पर बर्मामाइंस थाना में हत्या कर साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज किया गया है. इस बीच पुलिस को धीरज का मोबाइल नंबर भी हाथ लगा है. उसी आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जोर-शोर से जुटी है. इस मामले में बर्मामाइंस थाना प्रभारी राजू का कहना है कि पुलिस मामले से जुड़े हर पहलु की गहन जांच कर रही है. उन्होंने जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जतायी है.

11 मार्च से लापता थी सपना

बता दें कि सपना किन्नर बीते ग्यारह मार्च से घर से लापता थी. उसके बाद मंगलवार की सुबह बस्ती के ही नाले में दो दीवारों के बीच उसका सड़ा-गला शव बरामद किया गया. इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी मच गयी थी. इस बीच सपना के लापता होने के मामले में बीते रविवार को उसके साथी किन्नर बर्मामाइंस थाना पहुंचे थे. वहां सावित्री किन्नर ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. इधर, पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के चार दिन पहले ही सपना का पति धीरज आया था. बीते ग्यारह मार्च को उसने सपना के साथ शराब पी थी. उसके बाद से दोनों को किसी ने नहीं देखा था. इसी को लेकर पति के खिलाफ सपना की हत्या कर फरार हो जाने की आशंका जतायी जा रही है. वहीं, इस घटना से किन्नर समाज में आक्रोश है. उन्होंने भी दोषी के खिलाफ पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि आगे इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

ये भी पढ़ें-चांडिल के चिलगू में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके वालों ने लगाया जहर देने का आरोप

Related Articles

Back to top button