
Ranchi : 2019 के लोकसभा चुनाव में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पर अब विभागीय कार्रवाई होगी. पलामू जिले के हुसैनबाद ब्लॉक के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी लक्ष्मी नारायण किशोर पर लोकसभा चुनाव के दौरान कर्तव्य के प्रति स्वेच्छाचारिता,कर्तव्यहीनता, लापरवाही एवं निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यो में उदासीनता बरतने संबंधी आरोप लगाये गये थे.
उपायुक्त पलामू ने उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की थी. इसके बाद ग्रामीण विकास विभाग ने कार्मिक विभाग को प्रपत्र क गठित कर भेजा था. पूरे मामले पर जांच करायी गयी जिसके बाद प्रथम दृष्टया विभाग ने आरोप सही पाया.
इसे भी पढ़ें :BPSC ने प्रधानाध्यापकों के पदों पर बहाली के लिए 6421 पदों की निकाली वैकेंसी
सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी अरविंद प्रसाद करेंगे जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्मिक विभाग ने विभागीय कार्रवाई करने का निर्णय लिया है. जांच संचालन पदाधिकारी सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी अरविंद प्रसाद को बनाया गया है.
झाप्रसे अधिकारी को 15 दिनों के अंदर अपना जवाब समर्पित करने का निर्देश दिया गया है. इस संबंध में कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है.
इसे भी पढ़ें :JBVNL का ईजी बिजली एप से बिल पेंमेंट बंद, अन्य एप से हो रहा ऑनलाइन पेमेंट




