
Dhanbad: हर्ल उर्वरक संयंत्र सिंदरी में सोमवार को कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से दो कर्मी झुलस गये. दुर्घटना में घायल मजदूरों के उचित इलाज, मुआवजा और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर झामुमो, मासस, कांग्रेस, सीपीएम, सीपीआई और डीवाईएफआई ने संयुक्त रूप से मंगलवार को गेट जाम आंदोलन किया.
मौके पर निरसा के पूर्व विधायक अरूप चटर्जी भी पहुंचे. अरुप चटर्जी ने कहा कि घायल मजदूरों का बेहतर इलाज कराया जाय. हर्ल प्रबंधन मजदूरों के बेहतर इलाज और मुआवजे का जबतक लिखित रूप से आश्वासन नहीं देगा, तबतक आंदोलन जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें : केंद्र ने मनरेगा फंड रोकने की दी चेतावनी, 52 करोड़ की वित्तीय अनियमितता की राशि वसूली के लिए शुरू हुआ अभियान
मालूम हो कि सिंदरी के निर्माणाधीन हर्ल उर्वरक परियोजना के विद्युत सब स्टेशन नंबर एक के एलटी पैनल में फ्लेश-ओवर होने के कारण दो कर्मचारी आशीष कुमार मंडल और माथवन वी बिजली के संपर्क में आकर झुलस गये हैं. दोनों कर्मियों को तत्काल हर्ल के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए जालान अस्पताल धनबाद रेफर कर दिया. जहां दोनों का बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है. हर्ल के ग्रुप जीएम कामेश्वर झा खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
इस बीच सोमवार से ही झामुमो, मासस, कांग्रेस, सीपीएम, सीपीआई और डीवाईएफआई के समर्थकों ने मुआवजा और दुर्घटना के लिए जिम्मेवार अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर हर्ल के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरना देकर गेट जाम कर दिया है.
वक्ताओं ने कहा की जबतक मजदूरों के इलाज के लिए लिखित समझौता एचयूआरएल प्रबंधन नहीं करती तबतक आंदोलन जारी रहेगा. समाचार लिखे जाने तक धरना जारी है. वहीं आज सभी मजदूर काम से हड़ताल में रहे.
इसे भी पढ़ें : बबीता खन्ना राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष मनोनीत




