
Ranchi: रांची जिला परिवहन ने जिले के 2400 वाहनों से 2.40 करोड़ रु राजस्व की वसूली की. ये सारे वाहन डिफाल्टर हैं. इनका दो सालों से टैक्स बकाया था. टैक्स वसूली को लेकर जिला परिवहन की ओर से अख़बारों में इस्तेहार भी निकाला गया था. इसके अलावा शेष 247 डिफॉल्टर वाहनों की सूची जारी की गई है. उन वाहन मालिकों से भी टैक्स की वसूली की जाएगी.
सात दिनों की दी गई है मोहलत
सारे वाहन मालिकों को टैक्स जमा करने के 7 दिनों की मोहलत दी गई है. तय समय तक टैक्स जमा नहीं करने पर गाड़ी सीज कर ली जाएगी. परिवहन कार्यालय ने पुराने लक्ष्य 23 करोड़ का 100 फीसदी राजस्व का टारगेट पूरा कर लिया है. विभाग की ओर से इस वित्तीय वर्ष के लिए फिर से 23 करोड़ का लक्ष्य तय कर दिया है.
वन टाइम टैक्स करना होगा जमा
वाहन मालिकों को टैक्स वन टाइम जमा करने होंगे. हालांकि, इस व्यवस्था का वाहन मालिकों ने विरोध भी जताया लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई है. यह व्यवस्था 2019 के बाद से लागू हुई है. वर्ष 2019 के पहले तिमाही और छमाही में टैक्स जमा लिया जाता था.
क्या कहते हैं जिला परिवहन पदाधिकारी
रांची के जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश ने कहा कि टैक्स वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. टैक्स जमा करने के लिए वाहन मालिकों को सात दिनों की मोहलत दी गई. टैक्स जमा नहीं करने वालों की गाड़ी जब्त कर ली जाएगी.
चार प्रकार के वाहनो की लिस्ट है तैयार
जिला परिवहन की ओर से चार प्रकार के वाहनों की सूची तैयार की गई है. इसके तहत हेवी गुड्स व्हीकल (ट्रक, हाइवा व डंपर आदि), मीडियम गुड्स व्हीकल (ट्रक 709, 909,1109 आदि), हेवी पैसेंजर और मीडियम पैसेंजर कैटगेरी के वाहनों को चिह्नित किया गया है. इन वाहनों पर रोड टैक्स के रूप में सरकार का लगभग 42 करोड़ रुपए से अधिक बकाया है. ऐसे वाहन मालिकों को जिला परिवहन कार्यालय की ओर से नोटिस भी भेजा गया है. नोटिस मिलने के बाद भी बकाया भुगतान नहीं करने पर मोटर वाहन एक्ट और राजस्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी.




