
Gopalgunj : जिले में मंगलवार को मीरगंज व उचकागांव थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांव में पीट-पीट कर दो युवकों की हत्या कर दी गयी. वहीं हत्या के बाद दोनों थाना क्षेत्र में तनाव है. वहीं पुलिस ने दोनों मामले में शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि मीरगंज थाना क्षेत्र के दीघा गांव में खाने के बाद जूठे मटन का हड्डी दरवाजे के समीप फेंकने का विरोध करने पर एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी.
इसे भी पढ़ें:दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल के बाद अब BJP सांसद मनोज तिवारी दूसरी बार कोरोना संक्रमित
मृतक श्रवण चौहान का 40 वर्षीय पुत्र भगवान चौहान था. हत्या की सूचना मिलने के बाद मीरगंज थानाध्यक्ष छोटन कुमार मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गये हैं. इसके बाद शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया.
थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किये गये आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:मिनी लॉकडाउन लगते ही प्रशासन एक्शन में, डिमना लेक का पिकनिक स्पॉट कराया गया खाली
दूसरी घटना उचकागांव थाना क्षेत्र के भूवला गांव की है. जहां आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में लाठी-डंडे व पत्थर से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गयी. मृतक का नाम डब्लू खान बताया गया है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया है.
उचकागांव थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद ने बताया कि हत्या के मामले की जांच की जा रही है. हत्या की घटना को अंजाम देने के आरोप में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है.




