
New Delhi: ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों से न्यू ईयर सेलीब्रेशन पर खतरा मंडराने लगा है. देश में 21 दिनों ओमिक्रोन के मामलों में 134 फीसदी वृद्धि देखी जा रही है. 16 राज्यों में 270 के करीब ओमिक्रोन संक्रमित फिलहाल है. जिसे ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों से तत्काल कदम उठाने को कहा है.
गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये राज्यों के सचिवों के साथ बैठक में सलाह दी कि क्रिसमस, न्यू ईयर व त्योहारों को देखते हुए अगर नाइट कर्फ्यू लगाने की स्थिति नजर आती है तो राज्य फैसला लेने में देरी न करें. कंटेनमेंट जोन और उसके आसपास बफर जोन में सभी तरह की गतिविधियों पर सख्ती के साथ रोक और यहां के प्रत्येक सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग कराना अनिवार्य कर दिया गया है.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरुवार को ही ओमिक्रॉन के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्यों को भरोसा दिलाया है कि हर मदद के लिए केंद्र तैयार है. पीएम मोदी ने कहा है कि नए मामलों की तत्काल ट्रेसिंग कर वायरस को फैलने से रोकें. स्वास्थ्य तंत्र की मजबूती पर जोर दिया.
देश के 16 राज्यों में 270 से ज्यादा ओमिक्रॉन संक्रमितों की पहचान हो चुकी है. तमिलनाडु में एक ही दिन में 33 संक्रमित मिले हैं. कर्नाटक में भी 12 नए मामले आए हैं, जबकि महाराष्ट्र में 23 और संक्रमित मिले हैं.




