
Patna: राजधानी में एक युवक ने खुद को बैंक का पीओ बताकर युवती को प्रेम जाल में फंसाकर मंदिर में शादी की और प्रेग्नेंट होने पर उसे बदनाम करने की साजिश रची. युवती का अंतरंग फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. युवती को बेचने की भी कोशिश की. इस धोखे के बाद युवती अपने बच्चे के साथ मायके में रहने को मजबूर है. उसने पति के खिलाफ थाने में न्याय की गुहार लगाई है. मामला कदमकुआं थाने का है.
युवती की मानें तो 2018 में पटना में उसकी मुलाकात समस्तीपुर के निवासी मनोज कुमार यादव से उसके जानने वाले युवक के साथ हुई थी. जिसने मनोज को बैंक का पीओ बताकर उसकी दोस्ती करवाई थी. दोस्ती मुलाकात में बदली और कुछ दिन बीत जाने पर पिंकी ने घरवालों की रजामंदी से मंदिर में हिन्दू रीति रिवाज से शादी कर ली. पिंकी ने बताया कि मनोज कुमार यादव ने बड़ी सफाई से अपने बैंक पीओ होने की बात को दबाए रखा. शादी के कुछ समय बीत जाने पर पिंकी प्रेग्नेंट हुई जिसके बाद मनोज कुमार यादव के हाव भाव बदलने पर युवती पिंकी को उसपर शक हुआ. पिंकी की मानें तो मनोज बराबर बच्चा गिराने का दबाव पिंकी पर बनाया करता था.युवती का आरोप है कि फेसबुक पर बेचने की पति ने कीमत भी लगा दी थी.




