
Kandra : जिले के कांड्रा से लापता व्यवसायी पुत्र मनीष अग्रवाल का ढाई माह बाद भी कुछ पता नहीं चल सका है. इस बीच मनीष के चाचा को फोन करके उनसे पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गयी. इस मामले में पुलिस फिरौती मांगने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार करके जेल भी भेज दिया है, लेकिन मनीष का पता लगाने में पुलिस अब तक सफल नहीं हो सकी है.
9583748424 नंबर से आया था फोन
लापता मनीष के चाचा दुर्गा अग्रवाल के मोबाइल पर एक दिसंबर को 9583748424 से फोन आया था. उसके बाद उसने इसकी जानकारी कांड्रा थाने में दी थी. कांड्रा थानेदार राजन कुमार टीम के साथ आदित्यपुर के उस पते भी पहुंच गये थे जहां पर रकम लेकर आने के लिए कहा गया था. पुलिस को देखकर कार (डब्ल्यूबी 02 क्यू- 9422) से आये बदमाश वहां से फरार हो गये थे.
खरकई पुल के पास से दो गिरफ्तार, कार बरामद
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर खरकई नदी के पुल के पास से ही कार को बरामद कर लिया. कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया. इसमें से एक ने अपना नाम संतोष कामत बताया है जबकि दूसरे ने अमर सिंह बताया है. दोनों जमशेदपुर के ही रहने वाले हैं.
गलत फायदा उठाने का अंदेशा
पूरे मामले में पुलिस को अंदेशा है कि व्यवसायी पुत्र के लापता होने के मामले का अमर और संतोष गलत फायदा उठा कर परिजनों से पैसा ऐंठने की कोशिश की थी. पूछताछ में पुलिस को किसी तरह का सुराग हाथ नहीं लगा है. वैसे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- आदित्यपुर और जमशेदपुर में एक ही दिन नवविवाहिता सहित तीन लोगों ने लगायी फांसी




