NEWS

कल कृषि कानून वापसी का बिल संसद में होगा पेश, मुंबई में आज किसानों की महापंचायत

New Delhi: कल (29 नवंबर) से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है. केंद्र सरकार की घोषणा के अनुसार सत्र के पहले ही दिन  कृषि कानून निरसन विधेयक 2021  लोकसभा में पेश की जाएगी. इसके मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने सदस्यों को व्हिप जारी कर सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है. इधर आज मुंबई के आजाद मैदान किसान व मजदूरों की महापंचायत आयोजित हो रही है. सौ से अधिक संगठन जुट रहे हैं. संयुक्त किसान मोर्चा के नेता भी महापंचायत को संबोधित करेंगे. इधर, सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है.

 

 

सरकार कल संसद में बिल करते हुए कहेगी कि किसानों का एक छोटा समूह ही इन कानूनों का विरोध कर रहा है लेकिन समावेशी विकास के लिए सभी को साथ लेकर चलना समय की मांग है, इसलिए इन तीनों कानूनों को वापस लेने का प्रावधान किया जा रहा है. बिल को कृषिमंत्री नरेंद्र सिंह तोमर लोकसभा में पेश करेंगे. जाहिर है इस मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरेगी. किसान संगठन एमएसपी पर कानून बनाने समेत किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों के समाधान की बात कर रहे हैं और फिलहाल आंदोलन पर डटे हैं.

 

कृषि संबंधी स्थायी संसदीय समिति की बैठक कोरम के अभाव में शुक्रवार को स्थगित कर दी गई. बैठक में 29 में से केवल छह सदस्य ही बैठक के लिए उपस्थित हुए. बैठकमें ‘किसानों की आय दोगुनी करने’ के बारे में चर्चा की जानी थी। बैठक में समिति अध्यक्ष पर्वतगौड़ा के अलावा प्रताप सिंह बाजवा, बीबी पाटिल, अबू ताहर खान, कैलाश सैनी, रामनाथ ठाकुर शामिल हुए.

Related Articles

Back to top button