
Jamshedpur : शहर में ठंड शुरू हो गई है. मौसम में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 24 से 27 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा. वहीं, 28 से 29 दिसंबर तक कोहरे के साथ धुंध भी दिखेगी. इस दौरान तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. अगले एक सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से लेकर 18 डिग्री सेल्सियस तक रहवन का अनुमान है. ठंड भी बढ़ेगी. ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. वहीं, मंगलवार को धूप और आसमान में बादल दोनों देखने को मिले. सुबह में हल्का कोहरा छाया हुआ था. गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री व अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
सर्दी-खांसी व बुखार के मरीज बढ़े
मौसम में बदलाव होने से मरीजों की संख्या बढ़ गई है. कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम के इमरजेंसी विभाग में भर्ती होने के लिए बेड खाली नहीं हैं. ऐसे में मरीजों को फर्श पर लिटाकर इलाज किया जा रहा है. चिकित्सकों का कहना है कि सामान्य मरीजों के साथ-साथ इन दिनों बुखार, सर्दी-खांसी के मरीज बढ़ गये हैं. इनमें कई गंभीर मरीज भी पहुंच रहे हैं, जिन्हें भर्ती करना पड़ रहा है.
अपनी मर्जी से नहीं खाएं दवा
अभी देखा जा रहा है कि सर्दी-खांसी या बुखार होने पर लोग अपनी मर्जी या दवा दुकानदार से लेकर दवा लेकर खा रहे हैं, जो खतरनाक साबित हो सकता है. एमजीएम अस्पताल के फिजिशियन डॉ बलराम झा ने कहा है कि सर्दी-खांसी व बुखार कई बीमारियों का लक्षण हैं. इसके कई संकेत होते हैं. वैसे भी शहर में कोरोना मरीजों की फिर से संख्या बढ़ना चिंता का विषय है. इधर, डेंगू व जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) के मरीज भी मिल रहे हैं. इस दौरान अपने मर्जी से दवा खरीदकर नहीं खायें. चिकित्सक से अवश्य दिखायें. इससे इलाज में आसानी होती है और मरीज भी जल्दी ठीक हो जाते हैं.
इसे भी पढ़ें – गोलमुरी पुलिस लाइन के मुंशी के पुत्र की मुंबई में ट्रेन से गिरकर मौत, कल शहर पहुंचेगा शव, महकमे में शोक की लहर
‘




