
New Delhi: कोरोना महामारी को लेकर बेशक, भारत में राहत महसूस की जा रही है, लेकिन दुनिया के कई देशों में यह फिर से गंभीर स्थिति तक पहुंच रही है. विशेषज्ञ फ्रांस में 5वीं और जर्मनी में चौथी लहर शुरू होने की आशंका जता रहे हैं. रूस व ब्रिटेन में भी स्थिति भयावह रूप लेता दिख रहा है. फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री ऑलिवर वेरन ने यहां तक कह दिया है कि फ्रांस में कोरोना महामारी की 5वीं लहर शुरू हो चुकी है.
इसे भी पढ़ेंःJharkhand Corona Update: एक दिन बाद छह जिलों में संक्रमित मिले, चतरा व हजारीबाग में टीकाकरण की गति धीमी
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने चेताया है कि कोरोना का अभी अंत नहीं हुआ है. इधर, रूस के उप प्रधानमंत्री तात्याना गोलिकोवा ने बताया है कि कोरोना मरीजों के लिए बनाये गये 3,01,500 बेड में से 83 फीसदी बिस्तर भर गए हैं. यहां तक कहा जा रहा है कि रूस के कई अस्पतालों में दो से तीन दिनों की ही ऑक्सीजन बची है. जाहिर है ऐसी स्थिति में सावधानी जरूरी है.
भारत के लिये राहत
इधर, भारत के लिये राहत भरी खबर यह है कि नये संक्रमितों की संख्या घटने के साथ ही अब वायरस के दूसरे स्वरूप (म्यूटेशन) गायब होने लगे हैं. हालांकि, दोबारा से संक्रमित करने वाला डेल्टा या फिर इससे जुड़े अन्य म्यूटेशन के मामले परेशानी को बढ़ाने वाला है. इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (इन्साकॉग) की ओर से एक दिन पूर्व जारी रिपोर्ट के अनुसार देश में 1,15,101 सैंपल की जीनोम सीक्वेसिंग करने में सफलता मिली है.
दूसरा बड़ा म्यूटेशन नहीं
इनमें से 45,394 (69 फीसदी) में गंभीर श्रेणी के म्यूटेशन मिले हैं. जिसमें से 41 हजार नमूनों में डेल्टा और डेल्टा प्लस जैसे आक्रामक म्यूटेशन मिले हैं. 28,820 में डेल्टा, 5,450 में डेल्टा प्लस और 6,611 में एवाई कैटोगरी के म्यूटेशन पाये गये हैं. इन्साकॉग ने स्पष्ट रूप से बताया है कि, भारत में अब वायरस के दूसरे म्यूटेशन कमजोर होने लगे हैं. गामा श्रेणी के म्यूटेशन तो गायब हो चुके हैं. अच्छी बात यह है कि कोरोना वायरस में दूसरा कोई बड़ा म्यूटेशन होने की अब तक कोई जानकारी नहीं है.
भारत में दूसरी लहर के लिए डेल्टा वायरस जिम्मेदार
नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स एंड इंटिग्रेटिव बायोलॉजी (आईजीआईबी) के निदेशक डॉ. अनुराग अग्रवाल के अनुसार, डेल्टा वायरस महामारी को दोबारा से फैलाने की पूरी क्षमता रखता है. भारत में दूसरी लहर के लिये डेल्टा वायरस ही जिम्मेदार था. भारत में डेल्टा को लेकर किये अध्ययन से जाहिर हुआ था कि टीका ले चुके व्यक्ति को डेल्टा वायरस संक्रमित कर सकता है. भारत में वायरस के 296 स्वरूप मिल चुके हैं. हालांकि, इनमें हर स्वरूप खतरनाक नहीं है. अल्फा, बीटा, गामा, कप्पा जैसे वैरिएंट अब दिखाई नहीं दे रहे हैं. हालांकि, डेल्टा वैरिएंट के 25 से अधिक म्यूटेशन मिल चुके हैं.




