JharkhandPalamu

पलामू: आधी रात छत के सहारे घर में घुसे डकैत, बंधक बनाकर लाखों की संपत्ति लूटी

Palamu : नेशनल हाइवे 98 से सटे पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र में लूट डकैती की घटनाएं लगातार हो रही हैं. रविवार की देर रात एक बार फिर डकैतों ने लूट की घटना को अंजाम दिया. हथियारों से लैस दर्जन भर डकैत तुकबेरा गांव में रामेश्वर विश्वकर्मा के घर में घुस गए और पूरे परिवार को बंधक बनाकर नगद और गहने लूट लिए. घटना के बाद नावा बाजार पुलिस एक बार फिर अपराधियों की छानबीन में जुटी है. बताते चलें कि इस तरह की घटना एक माह पूर्व एनएच 98 किनारे एक लाइन होटल सह घर में भी हुई थी. एक माह बीत जाने के बाद भी लाइन होटल में हुई डकैती कांड का अब तक उद्भेदन नहीं हो पाया है.

नावा बाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में रविवार की रात डकैती की घटना को अंजाम दिया गया. रात करीब 12.30 बजे रामेश्वर विश्वकर्मा के पुत्र आशीष विश्वकर्मा के घर में हथियार से लैश दर्जन भर अपराधी घुस गए और नगद समेत जेवरात लूट कर फरार हो गए. परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, इसी दौरान आशीष के घर से सटे शौचालय की छत का सहारा लेकर अपराधी घर की छत पर चढ़ गए. फिर छत की सीढ़ी से घर के अंदर घुस गए.

आशीष और उनके पुत्र का हाथ और मुंह बांध दिया. इसके बाद महिला सदस्यों को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया और घर में रखे लाखों के जेवरात, लगभग 70 हजार रुपए नकद, दो मोबाइल और किराना दुकान में से किराना समान लेकर फरार हो गए.

पीड़ित आशीष विश्वकर्मा ने बताया कि सभी अपराधियों के पास हथियार थे. उनका चेहरा ढंका हुआ था और सभी हाफ पैंट पहने हुए थे. घटना की सूचना मिलने पर नावा बाजार थाना के प्रभारी थाना प्रभारी कुणाल राजा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर रात्रि में ही पहुंचे और घटना की जानकारी ली. अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में जुटी है.

इसे भी पढ़ें : एसएसपी साहेब बाकी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है पुलिस

 

Related Articles

Back to top button