
Ranchi : नगर आयुक्त मुकेश कुमार राज्य सरकार के एजेंट के रूप में रांची नगर निगम में काम कर रहे हैं. जब मैं शहर की सफाई व्यवस्था पर समीक्षा बैठक आहूत करती हूं तो तो उन्हें शहर का निरीक्षण करने की याद आती है. यदि वे शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर तत्पर होते तो आज झिरी स्थित डंपिंग यार्ड में कूड़े से भरे ट्रैक्टरों की कतार नहीं लगती. ये बातें सोमवार को मेयर आशा लकड़ा ने कहीं. साथ ही कहा कि 4 सितंबर को बैठक में शामिल नहीं होने को लेकर नगर आयुक्त को शोकॉज जारी किया गया है. वहीं तीन दिनों के अंदर जवाब देने को कहा है.
उन्होंने कहा कि झिरी स्थित डंपिंग यार्ड की स्थिति नारकीय हो गयी है. ट्रैक्टर डंपिंग यार्ड के ऊपर नहीं पहुंच पा रहे हैं. इस वजह से काफी परेशानी हो रही है.
वहीं सुबह से शाम तक सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर खाली करने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. जिसका खामियाजा शहर के लोग भुगत रहे हैं. चूंकि शहर से कचरा उठाव रेगुलर नहीं हो पा रहा है.
इसे भी पढ़ें – बिहार पंचायत चुनावः दूसरे चरण की अधिसूचना जारी, 7 से 13 सितंबर तक नामांकन
स्वास्थ्य शाखा के अधिकारी जिम्मेवार
मेयर ने कहा कि रांची निगम के स्वास्थ्य शाखा के अधिकारी व कर्मचारी इस अव्यवस्था के लिए जिम्मेवार हैं. संबंधित अधिकारी सिर्फ और सिर्फ अपने चेंबर की शोभा बढ़ा रहे हैं. शहर की आम जनता की समस्याओं से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है. उनका ध्यान सिर्फ मुख्य सड़कों की सफाई पर है.
राजभवन के समीप मॉड्यूलर टॉयलेट से दूषित पानी सड़क पर बह रहा है. जिससे कीचड़ जैसी स्थिति हो गयी है. लोग बदबू से परेशान हैं.
इसे भी पढ़ें – जय श्री राम की भेंट चढ़ गयी विधानसभा, हंगामे के कारण जनता की समस्याएं फिर हुईं गौण
एजेंसी यूजर चार्ज ले रही
सफाई व्यवस्था के नाम पर संबंधित एजेंसी यूजर चार्ज वसूल कर रही है. शहर की जनता सफाई व स्वच्छता के लिए यूजर चार्ज देती है न कि निगम का कोष भरने के लिए.
जब जनता निगम को टैक्स का भुगतान कर रही है तो उन्हें उचित सुविधाएं भी मिलनी चाहिए. उन्होंने नगर विकास विभाग के सचिव से आग्रह किया है कि शहर की नारकीय स्थिति के लिए संबंधित अधिकारियों पर उचित कार्रवाई करें.
इसे भी पढ़ें –झारखंड हाइकोर्ट ने नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल से मांगा जवाब- जब सुनवाई चल रही थी, तो रजिस्ट्रार पद पर नियुक्ति कैसे हुई




