
Akshay Kumar Jha
Ranchi: झारखंड की पावर गैलरी में नोटों का खेल नया नहीं है. इस खेल में अभी-अभी जो ताजा कड़ी जुड़ी है, उसमें कई सवाल अनुत्तरित हैं. जेएमएम कह रहा है कि कांग्रेस के कुछ विधायकों की खरीद-फरोख्त का प्लान बीजेपी की तरफ से बनाया जा रहा था. कांग्रेस के कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने आरोप लगाया था कि उन्हें भी एक भारी-भरकम रिश्वत देने का ऑफर दिया गया था, और इसकी जानकारी उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, पार्टी के विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और सीएम हेमंत सोरेन को दे दी थी. बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी इस मसले पर सवाल उठा रहे हैं.
उन्होंने ट्विट किया है कि “कांग्रेस के विधायक नमन विक्सल कोंगाडी के अनुसार उन्हें सरकार गिराने के लिए जनवरी में मंत्री पद के साथ मुंहमांगा ऑफर मिला था, लोग बड़ी मात्रा में पैसे भी लेकर आये थे, जिन्हें पुलिस से पकड़वाने के बजाय डांट कर भगा दिया. यह सूचना उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन, कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह, और रामेश्वर उरांव को भी दी. इतने गंभीर मामले पर भी सीएम ने ऐसे लोगों को पुलिस से पकड़वाने में न ही गंभीरता दिखाई न ही पुलिस में कोई शिकायत की. इन षड्यंत्रों के आरोप पर ये चुप्पी संदेह पैदा करती है.”
इसे भी पढ़ें : विधायक खरीद-फरोख्त मामलाः जनहित याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग
सवाल है कि एक्शन क्यों नहीं हुआ
इस सवाल को आसानी से खारिज नहीं किया जा सकता कि आखिर क्यों विक्सल कोंगाड़ी की शिकायत पर किसी ने कोई एक्शन क्यों नहीं लिया? जबकि छह महीने के बाद कांग्रेसी विधायक जयमंगल सिंह की शिकायत पर छापेमारी होती है और सरकार गिराने की साजिश के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी हो जाती है. अगर विक्सल कोंगाड़ी की शिकायत पर कार्रवाई उसी वक्त होती तो मामले का खुलासा जनवरी में ही हो जाता.
बीजेपी: दूसरे को नसीहत- खुद मियां फजीहत
ऐसा नहीं है कि ऐसे सवाल सिर्फ जेएमएम-कांग्रेस पर हैं, बीजेपी भी कई मामलों में ऐसा ही आचरण करती है. उदाहरण बीते 22 जनवरी का है. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मीडिया में आकर कहा कि रांची से दिल्ली जाने के लिए करीब 17 फ्लाइट्स हैं, लेकिन हेमंत सोरेन दिल्ली जाने के लिए चार्टर्ड प्लेन का इस्तेमाल करते हैं. कहा कि ऐसा करने के पीछे की वजह सिर्फ यह है कि उन्हें दिल्ली में बैठे कांग्रेसी आलाकमान को पैसा पहुंचाना था. कहा कि हेमंत सोरेन दिल्ली में बने झारखंड भवन में भी नहीं रहते हैं. वो कहीं और महंगी जगह पर रुकते हैं. रघुवर दास के इस बयान पर पूर्व मंत्री सरयू राय ने सवाल उठाया था.
इसे भी पढ़ें : Rims News: आईकार्ड दिखाने पर ही डॉक्टर व स्टाफ को मिलेगी एंट्री, नहीं दिखाने पर एबसेंट होने के साथ कटेगी सैलरी
उन्होंने हेमंत सोरेन को टैग करते हुए ट्विट कर लिखा था कि “हज़ार छेदवाली चलनी द्वारा सूप को कोसना धृष्टता की पराकाष्ठा है. यदि किसी को पता है कि वे किराये की जहाज में पैसा भरकर दिल्ली जा रहे हैं, तो इसकी सूचना हवाई अड्डा पर तैनात आयकर/कस्टम विभाग को देनी चाहिए थी, न कि दो दिन बाद प्रेस को. कहीं यह बयान अनुभव आधारित तो नहीं? सवाल वाजिब था कि रघुवर का आरोप के अनुसार अगर हेमंत सोरेन वाकई बंगाल चुनाव के लिए कांगेसी आलाकमान को पैसा पहुंचाने गये थे, तो केंद्र में मौजूद बीजेपी सरकार ने कार्रवाई क्यों नहीं की? इनकम टैक्स, ईडी और कस्टम को इस बात की जानकारी क्यों नहीं दी गयी? छापेमारी कर पैसे की बरामदगी क्यों नहीं की गयी?
ऐसे में अब कहा जाने लगा है कि सरकार किसी की भी हो वक्त पर कार्रवाई करने का बजाय सिर्फ बयानबाजी होती है. जनता के सामने सिर्फ वही सामने आता है, जो हुक्मरानों और सियासतदानों को मुफीद लगता है.
इसे भी पढ़ें : कोरोना से जान गंवाने वाले रेलकर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा पर जल्दी मिलेगी नौकरी




