
Lucknow: कोरोना वैक्सीन के प्रति समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के सुर में बदलाव आया है. शुरुआत में कोरोना वैक्सीन को बीजेपी की वैक्सीन बताते हुए नहीं लगवाने की बात करने वाले अखिलेश अब वैक्सीन लगवाने के लिये तैयार हो गए हैं. इस बीच सोमवार को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने वैक्सीन लगवा ली. मुलायम सिंह द्वारा वैक्सीन लगवाने के बाद से सपा मुखिया अखिलेश भाजपा नेताओं के निशाने पर हैं.
इसे भी पढ़ें : राहत: सदर अस्पताल में अगले सप्ताह से शुरू होगी सारे ओपीडी की सेवा
अखिलेश ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा है कि जनाक्रोश को देखते हुए आख़िरकार सरकार ने कोरोना के टीके के राजनीतिकरण की जगह ये घोषणा करी कि वो टीके लगवाएगी. हम भाजपा के टीके के ख़िलाफ़ थे पर ‘भारत सरकार’ के टीके का स्वागत करते हुए हम भी टीका लगवाएंगे. टीके की कमी से जो लोग लगवा नहीं सके थे उनसे भी लगवाने की अपील करते हैं.
इसे भी पढ़ें : बिहार हुआ अनलॉक, अब केवल नाइट कर्फ्यू
मुलायम सिंह के टीका लगवाने की फोटो वायरल होते ही उत्तर प्रदेश भाजपा की ओर से तंज किया गया. भाजपा चुटकी लेते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक श्री मुलायम सिंह यादव जी ने ‘भाजपा’ की वैक्सीन लगवा ली. अब वो भाजपा का प्रचार कर रहे हैं या अपने पुत्र द्वारा फैलाए गए भ्रम को तोड़ रहे हैं… ये आप तय कर लीजिए. हां, वैक्सीन जरूर लगवाइए.
इधर, यूपी के पीडब्ल्यूडी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव का स्वदेशी वैक्सीन लगवाने के लिए धन्यवाद. कहा कि मुलायम सिंह द्वारा वैक्सीन लगवाना इस बात का प्रमाण है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश द्वारा वैक्सीन को लेकर अफवाह फैलाई गयी थी. अखिलेश को माफ़ी मांगनी चाहिए.




