Uncategorized

जनता के फायदे के लिए हो योजनाओं का चयन : दिनेश उरांव

– विकास मेला में 5497 लाभुकों के बीच 30.32 करोड़ की परिसंपत्ति बांटी गयी –

गुमला : परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में दो दिवसीय विकास सह प्रदर्शनी मेले का उदघाटन विधान सभा अध्यक्ष दिनेश उरांव व विधायक शिव शंकर उरांव ने दीप जला कर किया।

विकास मेला के मुख्य अतिथि विधान सभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुये कहा कि विकास योजनाओं का क्रियावरण जनता के लाभ के लिये हो। ऐसा देखा जाता है कि कई गैर जरूरी योजनाओं को स्‍वीकार कर लिया जाता है। गलत जगह पर योजना की स्वीकृति होने से सिर्फ अधिकारी और दलाल इसका फायदा उठा लेते हैं। इसका ख्याल करके विकास की योजनाओं को स्वीकृति देनी चाहिए।

विकास मेले में करीब एक सौ स्टालों की प्रदर्शनी लगी थी जिसमें विकास की झलक दिख रही थी। इस मौके पर 30 करोड 32 लाख 43 हजार रुपये के लोन व परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। मौके पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से 168 जोड़ों का विवाह संपन्‍न हुआ।

विधान सभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की राशि पांच हजार से बढ़ाकर 30 हजार करने की जानकारी देते हुये कहा कि प्रज्ञा केन्द्रों का संचालन सही तरीके से हो। उन्‍होंने कहा कि उनका मानदेय दिलाने का प्रयास करुंगा अगर किसी अधिकारी को योजनाओं का निष्पादन कराने में अड़चन आ रही है तो इसकी जानकारी मुझे दें। मैं समस्‍या को दूर करने का प्रयास करूंगा।

गुमला विधायक शिवशंकर उरांव ने कहा कि अधिकारी-पदाधिकारी के हाथों में विकास की बागडोर होती है, अधिकारी काम में मन लगायें। काम में शिथिलता बरतने वाले अधिकारी स्वतः रिटायरमेंट ले लें। राज्य में भाजपा की सरकार चल रही है जनता के हक में आगे आकर काम होना चाहिए। ऑनलाइन की जगह विकास योजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास कार्यस्थल पर हो इसके लिए विधान सभा में आवाज उठाउंगा। भाजपा राज्‍य में प्रशासनिक व्‍यवस्‍था सुधार रही है।

गुमला उपायुक्त गौरी शंकर मिंज ने कहा कि विकास मेले से लोगों को योजनाओं की जानकारी मिलती है। राज्य व केन्द्र की योजनाओं का लाभ किस प्रकार लोग उठायें यही मेले का मकसद होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button