– जिला प्रशासन ने उदघाटन व शिलान्यास कार्यक्रम स्थगित किया –
– 38.94 करोड रुपये की 74 योजनाओं की होनी थी शुरुआत –
गुमला : गुमला स्थित परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित दो दिवसीय विकास मेला को उद्घाटन से पहले स्थगित करना पड़ा। गुमला विधायक शिवशंकर उरांव ने इसका विरोध किया जिसके बाद आयोजन को स्थगित कर दिया गया। विधायक का कहना था कि यह पुरानी परंपरा है इसे बंद होना चाहिए। इसमें घटिया निर्माण में भी पर्दा डालने की परंपरा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसे बंद करने के लिए विधानसभा में भी चर्चा करेंगे।
दो दिवसीय इस विकास मेला में संचालित करीब एक सौ स्टालों का प्रदर्शनी सरकारी विभाग की ओर से लगाये गये हैं। ऑनलाइन उदघाटन व शिलान्यास के लिये करीब 74 शिलापटों रखे गये थे। इन योजनाओं की प्राक्कलन राशि 38 करोड 93 लाख 65 हजार रुपये है।
विकास मेला में उपस्थित मुख्य अतिथि सिसई विधायक सह विधान सभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने परंपरा के तहत चली आ रही ऑनलाइन उदघाटन व शिलान्यास की तैयारी हो जाने के बाद अपनी सहमति दे दी थी। लेकिन गुमला विधायक के विरोध के कारण उन्हें कहना पड़ा कि विधायक के मान सम्मान को देखते हुए कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। विकास के लिये उद्घाटन व शिलान्यास एक परंपरा है पर यह सही तरीके से होना चाहिये।
ऑनलाइन उदघाटन व शिलान्यास के विरोध को देखते हुए गुमला उपायुक्त गौरीशंकर मिंज ने कहा कि पूर्व की परंपरा के तहत उदघाटन व शिलान्यास कराया जाना था लेकिन अब इसे स्थगित कर दिया गया है। बाद में इन योजनाओं को शुरू किया जायेगा।




