
Ranchi : कोरोना महामारी ने शैक्षणिक गतिविधियों पर जिस तरह से प्रभाव डाला है. ऐसे में सभी एजुकेशन बोर्ड ने अलग-अलग तरह से तैयारियां शुरू की हैं.
यूजीसी जहां अभी परीक्षा लेने के तरीके पर फोकस कर रहा है, वहीं तकनीकी शिक्षा देने वाला बोर्ड ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ टेक्निकल एजुकेशन ने देश के सभी तकनीकी संस्थानों के साथ राज्य के तकनीकी संस्थानों को पत्र भेजा है.
इस पत्र में बोर्ड ने नये शैक्षणिक सत्र की शुरुआत करने को लेकर निर्देश भेजे हैं. एआइसीटीइ ने कहा है कि तकनीकी संस्थानों को हर साल कोर्स और संस्थान की मान्यता लेनी होती है. इस प्रक्रिया को जल्द पूरा कर एडमिशन की प्रक्रिया शुरू करें.
इसे भी पढ़ें :चक्रवाती तूफान यास ने थामे चार ट्रेनों के पहिये, अब तक 11 ट्रेनों को किया गया कैंसिल
15 जून तक मान्यता की प्रक्रिया करें पूरा
एआइसीटीइ की ओर से भेजे गए दिशा-निर्देश में कहा गया है कि तकनीकी संस्थान 30 जून तक संस्थान की मान्यता संबंधित विवि से ले लें. वहीं एआइसीटीइ से कोर्स की मान्यता 15 जुलाई तक पूरी कर लें.
संस्थान दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 15 सितंबर से क्लास शुरू कर सकते हैं. तकनीकी संस्थान 31 अगस्त 2021 तक पहले राउंड की काउंसलिंग पूरी कर लें.
दूसरे राउंड की एडमिशन प्रक्रिया को 09 सितंबर 2021 तक पूरा करना है. अगर कोई स्टूडेंट्स एडमिशन केंसिल कर फीस वापस लेना चाहता है तो संस्थान 10 सितंबर 2021 तक यह प्रक्रिया पूरी करे.
इसे भी पढ़ें :स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के खिलाफ अभद्र भाषा बोलने वाले डॉक्टर ओपी आनंद हिरासत में
20 सितंबर तक लें सेकेंड ईयर में लेटरल एंट्री एडमिशन
वहीं यह कहा गया है कि मैनेजमेंट के डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में भी एडमिशन लें. दोनों कोर्स के नये छात्रों के क्लास एक जुलाई से शुरू करें. एडमिशन कैंसिल और फीस रिफंड का काम 5 जुलाई तक करें.
बची हुई सीटों में 10 जुलाई तक एडमिशन लिए जाने की अनुमति एआइसीटीइ ने दी है. वहीं ओपन डिस्टेंस लर्निंग संस्थान, ऑनलाइन प्रोग्राम और कोर्सेस की मान्यता संस्थान 30 जून तक ले सकते हैं. वहीं ये संस्थान 01 सितंबर 2021 तक एडमिशन ले सकेंगे.
कोविड-19 गाइडलाइंस का पालन करें संस्थान
एआइसीटीइ ने सभी संस्थानों और विश्वविद्यालयों से अनुरोध किया है कि, वे कोविड-19 महामारी को देखते हुए समय-समय पर जारी परीक्षाओं पर एआइसीटीइ या यूजीसी गाइडलाइंस का पालन करें.
साथ ही, महामारी से संबंधित निर्धारित प्रोटोकॉल या दिशानिर्देशों के बाद ऑनलाइन या ऑफलाइन या मिश्रित मोड में क्लासेस शुरू की जा सकती है.
इसे भी पढ़ें :देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या तीन लाख के पार, नये मरीज ढाई लाख के नीचे
सात संस्थानों ने ली है मान्यता
नये शैक्षणिक सत्र के लिए एआइसीटीइ की ओर से अभी भी मान्यता देने की प्रक्रिया चल रही है. झारखण्ड से अब तक सात संस्थानों ने मान्यता ली है.
जिन संस्थानों ने मान्यता ली है उसमें गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक जगन्नाथपुर, गिरिजा इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटेक्निक, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक रांची, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक आदित्यपुर, बीए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलोजी, झारखंड गवर्नमेंट मीनी टूल्स रूम एंड ट्रेनिंग सेंटर और गवर्नमेंट टूल रूम एंड ट्रेनिंग सेंटर के नाम शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें :MEDININAGAR के सुआ पंचायत में एक माह 14 मौतें, वैक्सीन लेने से कतरा रहे हैं ग्रामीण




