
Sahebganj : कोरोना वायरस से गंभीर रूप से संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन की काफी जरूरत होती है. ऑक्सीजन को लेकर कई मरीज काफी परेशानियां झेल चुके हैं, कहीं-कहीं तो उन्हें अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है.
इन परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने साहेबगंज सदर अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया है. यह राज्य का तीसरा ऑक्सीजन प्लांट है. यह प्लांट हर 1 घंटे में 5000 लीटर ऑक्सीजन उत्पादन कर सकेगा जिससे सदर अस्पताल में 50 कोविड डेडीकेटेड बेड पर ऑक्सीजन की आपूर्ति की जायेगी.
इसे भी पढ़ेःहजारीबाग में टीकाकरण के प्रति युवाओं में उत्साह, शरीरिक दूरी को लेकर उदासीन
इस प्लांट में मैनीफोल्ड सिस्टम को भी रखा गया है जिससे पास के क्षेत्रों या सदर अस्पताल में ही कोविड के अन्य मरीजों को सिलेंडर के माध्यम से भी ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सके. राज्य में निर्मित तीसरे ऑक्सीजन प्लांट का शुक्रवार को दोपहर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन उद्घाटन किया. यह ऑक्सीजन प्लांट क्षेत्र के लोगों के लिए सरकार का बड़ा तोहफा है.
इसे भी पढ़ेःLAPUNG : कुएं में छलांग लगा कर युवक ने की आत्महत्या
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिला के सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस ऑक्सीजन प्लांट के शुरू हो जाने से अब क्षेत्र में कोविड मरीजों को ऑक्सीजन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में साहेबगंज में वायरोलॉजी लैब स्थापित किया गया है. उन्होंने कहा कि जिले को दो कार्डियक एंबुलेंस आकांक्षी जिला योजना मद से दिया गया है. जिसका लाभ जिले के लोगों को मिलेगा.
मौके पर राजमहल सांसद विजय हांसदा ने कहा कि इस क्षेत्र में अब ऑक्सीजन के लिए जरूरतमंद, किसी भी कोरोना पीड़ित मरीजों को समस्या नहीं होगी.
इसे भी पढ़ेःभारत में कोरोना की रूसी वैक्सीन स्पूतनिक का इस्तेमाल शुरू, जानिए कितनी है कीमत
वहीं स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जिस तरह राज्य के मुख्यमंत्री विधायक प्रतिनिधि प्रशासनिक पदाधिकारी तत्पर हैं ऐसे में राज्य वासी कोरोनावायरस से पार पा लेंगे इसमें कोई संशय नहीं है.




