मुंबई : प्रख्यात कथक नृत्यांगना सितारा देवी का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार तड़के मुंबई के जसलोक अस्पताल में निधन हो गया। वह 94 वर्ष की थीं। उनके दामाद ने इस खबर की पुष्टि की। सितारा देवी के दामाद राजेश मिश्रा ने आईएएनएस को बताया कि जसलोक अस्पताल में सितारा देवी वेंटिलेटर पर थीं। सोमवार को उनकी हालत ज्यादा गंभीर थी।
उन्होंने बताया, “वह नहीं रहीं।”
सितारा देवी पहले कुंबाला हिल अस्पताल में भर्ती थीं। बाद में उन्हें जसलोक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था।
संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, पद्मश्री और कालिदास सम्मान जैसे पुरस्कारों से सम्मानित सितारा देवी का जन्म 1920 में कोलकाता के ब्राह्मण ‘कथाकार’ सुखदेव महाराज के परिवार में हुआ था।
वह 11 वर्ष की थी, जब उनका परिवार मुंबई आकर बस गया था। यहां उन्होंने अपने तीन घंटे के एकल गायन से नोबल पुरस्कार विजेता रवीन्द्र नाथ टैगोर को प्रभावित किया था।
अगले छह दशकों में वह कथक नृत्य शैली की दिग्गज बन गईं। बॉलीवुड में कथक शैली को लाने का श्रेय सितारा देवी को ही दिया जाता है। (आईएएनएस)




