रांची : झारखंड में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 13 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। पलामू के कुछ बूथों पर हल्की झड़प की खबर है। वहीं पलामू के ही हरिहरगंज से लैंड माइन बरामद किया गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। छतरपुर के दो बूथों पर इवीएम तोड़ने का प्रयास किया गया है।
पहले चरण के तहत तीस लाख से अधिकत मतदाता 199 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे। इस चरण के लिए कुल 3,939 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान के इस चरण में छह नक्सल प्रभावित जिले भी शामिल हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 12-12 सीटों पर ताल ठोंक रही है, जबकि कांग्रेस सात तथा इसका गठबंधन साझेदार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) छह सीटों पर चुनाव लड़ रहा है।
इस चरण में राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री के.एन. त्रिपाठी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत, पूर्व मंत्री एवं जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) उम्मीदवार सुधा चौधरी मुख्य दावेदार हैं। (इनपुट आईएएनएस)




