
गिरिडीह : जिले में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते चले जा रहे हैं. पिछले 24 घंटे में कोरोना के 108 नए मामले सामने आए हैं. वहीं कोरोना से 5 लोगों की मौत हो गयी. जिसमें शहर के एक चार्टर्ड अकाउंटेंड की मौत दुर्गापुर में इलाज के दौरान हो गयी. वहीं शहर के दो नर्सिंग होम में तीन लोगों की मौत हो गयी. जबकि शहर के अरगाघाट में एक किराना दुकानदार की मौत हुई है. पांचो के अंतिम संस्कार मंगलवार को मुक्तिधाम में किया गया. कोरोना से मरने वालों में शहर के बोड़ो के एक संक्रमित भी शामिल है. इस बीच मंगलवार को आए संक्रमितों के नए आंकड़ों के अनुसार अब जिले में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 590 के करीब पहुंच गई है. मंगलवार को जिले में आए संक्रमितों में सदर प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 40 नए केस मिले हैं.. तो बगोदर में 20, डुमरी में 11, बेंगाबाद में 3, देवरी में 3, गांडेय में एक, गांवा में 14, जमुआ में 11 और धनवार में 6 नए केस मिले हैं.
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मारवाड़ी युवा मंच और छात्र संगठन विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता जहां सिलेंडर पहुंचाने का जिम्मा उठाएं हुए हैं. वहीं बरवाडीह के ही मैकेनिक मिन्हाज अंसारी भी हर वैसे जरुरतमंदो को सिलेंडर उपलब्ध करा रहे हैं जिसको इसकी जरूरत है. इस विपदा के समय में झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता कुमार गौरव, रॉकी सिंह, अभय सिंह, राकेश रंजन रॉकी समेत कई कार्यकर्ता दिन-रात लोगों की मदद कर रहे हैं.
वहीं सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू कार्यकर्ताओं को हर जरुरी दिशा-निर्देश देते नजर आ रहे हैं. जरुरत पड़ने पर सदर विधायक सोनू कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए तत्पर भी नजर आ रहे हैं.




