
Ranchi: सेंट्रल कमांड मिलिट्री इंटेलिजेंस की रांची शाखा की टीम ने मोरहाबादी में सेना बहाली में अभ्यार्थियों को नौकरी लगाने के नाम पर ठगी के आरोपी को बिहार के नालंदा से गिरफ्तार किया है.
आरोपी को इंटेलिजेंस की टीम ने लालपुर पुलिस को सौंप दिया है. लालपुर थाने की पुलिस ने इसकी पुष्टी की है. गिरफ्तार आरोपी एसके सिंह सेना का भूतपूर्व सैनिक है.
रांची के मोरहाबादी मैदान में सेना बहाली चल रही है. यह 10 मार्च से ही शुरू हो गई है और 30 मार्च तक चलेगी. इसमें झारखंड के सभी 24 जिले के युवा भाग ले रहे हैं. सेना की ओर से पूर्व में भी युवाओं से अपील की गई थी कि दलालों के झांसे में न आएं. इसके बावजूद 11 मार्च को दिल्ली, बिहार और मध्य प्रदेश का फर्जी सर्टिफिकेट लेकर सेना बहाली में भाग लेने पहुंचे 6 युवाओं को इंटेलिजेंस की टीम ने दबोचा था.
बाद में इन्हें सेना के द्वारा रांची के लालपुर पुलिस को सौंप दिया गया था. आज नालंदा निवासी एसके सिंह को इंटेलिजेंस की टीम ने पकड़ा.
सेना बहाली के लिए सैकड़ों युवा अहले सुबह रांची के मोरहाबादी मैदान पहुंच रहे हैं. बहाली प्रक्रिया में शामिल होने से पूर्व इनके सर्टिफिकेट की जांच होती है.




