
- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली निकालने का निर्णय
Ranchi: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व दिवस के अवसर पर रविवार को आरयू की एनएसएस इकाई द्वारा मोहरबादी स्थित नीलाम्बर – पीताम्बर पार्क (ऑक्सीजन पार्क ) परिसर के मुख्य गेट के पास डायन प्रथा, दहेज प्रथा एवं कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध, महिला सुरक्षा एवं लिंग समानता विषय पर हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया.
रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कामिनी कुमार ने इस कार्यक्रम को आयोजित करने का निर्देश दिया एवं अपनी शुभकामनाएं दी.
हस्ताक्षर अभियान में पार्क के अंदर लगभग 950 बुजुर्ग, युवा एवं बच्चों ने अपना हस्ताक्षर करके एनएसएस के इस अभियान का खुले मन से समर्थन किया. आज के अभियान के दरम्यान कई बुजुर्ग ने अपना समर्थन देते हुए कहा कि शहर में इस प्रकार का कार्यक्रम आवश्यक है, लेकिन गांवों में जहां डायन के नाम पर खुलेआम नंगा तांडव हो रहा है, वहां एनएसएस द्वारा विशेष अभियान आयोजित करने का सुझाव भी दिया. कई महिलाओं एवं लड़कियों ने इन कुरीतियों के विरुद्ध एनएसएस के अभियान में शामिल होकर नारेबाजी भी की.
अभियान में छात्रा आरुणि ने महिला सुरक्षा एवं अन्य समस्याओं पर बहुत सारगर्भित भाषण दिया. हस्ताक्षर अभियान में आर यू के कुल 55 एनएसएस स्वयंसेवकों ने बढ़ -चढ़ कर भाग लिया.
हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने में कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभव चक्रवर्ती, एनएसएस के टीम लीडर्स क्रमशः दिवाकर, फलक फातिमा, नेहा, दीपा, प्रिंस, सुमित, प्रभात, पवन, जमील, शालू, सूरज , नवीन,अनिता, चित्रालया, तबस्सुम, अवधेश आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा.
आर यू के एन एस एस के कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने बताया कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आर यू की इंटरनल कमिटी(महिला शिकायत निवारण कोषांग) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आरयू मुख्यालय परिसर से सुबह 8 बजे से महिला जागरूकता रैली आयोजित किया गया है, जिसको रांची की महापौर आशा लकड़ा एवं कुलपति डॉ कामिनी कुमार हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी.




